बंगाल में फिर चुनावी हिंसा, मथुरापुर में TMC पर बमबाजी का आरोप
बंगाल
लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें और अंतिम चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं. इस चरण में उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित आठ राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी. पिछले छह चरण के चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से अब तक 484 सीटों पर मतदान हो चुका है. सातवें चरण में पंजाब और उत्तर प्रदेश की 13-13, बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, हिमाचल प्रदेश की चार, झारखंड की तीन और चंडीगढ़ सीट पर मतदान जारी है.
रविशंकर ने पटना में डाला वोट
बिहार के पटना में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मतदान किया. यहां के महिला कॉलेज की बूथ संख्या 77 पर वोट डालने पहुंच रविशंकर प्रसाद का मुकाबला इस बार कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा से है. हाल ही में सिन्हा बीजेपी का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए हैं. उन्होंने पिछली बार इस सीट से लोकसभा चुनाव जीता था.
मोदी लहर सबसे बड़ा मुद्दा: बादल
पंजाब में बीजेपी के सहयोगी अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव है और इस चुनाव में हमारा सबसे बड़ा मुद्दा मोदी ही हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरह की लहर चल रही है आज के दिन मोदी के मुकाबले में उनके कद का कोई भी नेता नहीं है, कैप्टन अमरिंदर सिंह कुछ भी कहें लेकिन जनता ने मूड बना लिया है.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से टीएमसी उम्मीदवार अभिषेक बनर्जी ने मतदान कर कहा कि अब भगवान भी मोदी को चुनाव हारने से नहीं बचा सकते, उन्हें ध्यान करने दीजिए. उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी इस बार सभी 42 सीटों पर जीत दर्ज करेगी. बनर्जी ने कहा कि बीजेपी सांप्रदायिक पार्टी और इस बार जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है.
जालंधर में हरभजन ने डाला वोट
पंजाब के जालंधर में क्रिकेटर हरभजन सिंह कतार में खड़े होकर मतदान के लिए अपनी पारी का इंतजार करते दिखे. हरभजन ने हाल ही में आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है. अब वह लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी देना चाहते हैं. जालंधन की इस सीट पर कांग्रेस की ओर से मौजूदा सांसद चौधरी संतोख सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने चरणजीत सिंह अटवाल को टिकट दिया है. वहीं आम आदमी पार्टी ने रिटायर्ड जज जोरा सिंह को मैदान में उतारा है.
bhavtarini.com@gmail.com 