लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सर्जरी की तैयारी
रायपुर
विधानसभा चुनाव 2018 में बंपर जीत के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में करारी हार का सामना करना पड़ा है. विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम के कारण संगठन में कोई फेरबदल नहीं किया गया था, लेकिन अब लोकसभा चुनाव में हार का असर नेताओं के कद पर पड़ सकता है. इसको लेकर संगठन जल्द ही निर्णय कर सकती है. राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बदलाव के बाद प्रदेश स्तर पर बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है.
निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है. फिलहाल ये जिम्मेदारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास ही है. इसके अलावा प्रदेश संगठन के अन्य पदों, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारी भी बदले जाएंगे. मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलने को लेकर चल रही उहापोह की स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रदेश कांग्रेस में संगठन स्तर पर बदलाव होंगे.
भूपेश बघेल लिख चुके हैं पत्र
बता दें कि दिसंबर 2018 में छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनने के बाद भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से उन्हें मुक्त करने का पत्र पहले ही आला कमान को लिख चुके हैं. हालांकि तब आलाकमान ने लोकसभा चुनाव तक बदलाव नहीं करने का निर्णय लिया था. अब लोकसभा चुनाव हो चुके हैं. ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर नई नियुक्तियां की जानी हैं.
खोया जनता का समर्थन
दरअसल छत्तीसगढ़ में 6 महीने पहले ही हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कुल 90 में से 68 सीटों पर बंपर जीत मिली थी. 15 साल बाद राज्य में सत्ता में कांग्रेस का वोट शेयर इस चुनाव में 43.04 फीसदी था. जबकि बीजेपी को 32.97 फीसदी कुल वोट मिले थे. लेकिन इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जनता का समर्थन खो दिया है. प्रदेश की 11 में से सिर्फ 2 सीटें ही कांग्रेस के खाते में आई. इतना ही नहीं इस चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर बढ़कर 50.70 और कांग्रेस का 40.91 फीसदी हो गया है.
बदलाव तो होंगे
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री महेन्द्र छाबड़ा का कहना है कि हर चुनाव के बाद परिणाम के अनुसार संगठन में बदलाव होते हैं. छत्तीसगढ़ में भी संगठन स्तर पर बदलाव होने तो तय हैं, लेकिन इसका निर्णय आला कमान ही लेगी. राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय होने के बाद छत्तीसगढ़ संगठन में भी प्रदेश और जिला स्तर पर संगठन में विभिन्न पदों पर बदलाव होंगे.
bhavtarini.com@gmail.com 