कृष्णा रोबोट करेगा कोरोना मरीजों के इलाज में मदद

कृष्णा रोबोट करेगा कोरोना मरीजों के इलाज में मदद

 लखनऊ 
एकेटीयू के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज और नोएडा स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज ने मिलकर एक ऐसा रोबोट तैयार किया है जो सेनीटाइजेशन के कार्य समेत अस्पतालों में डाक्टर व पैरामेडिकल स्टॉफ की मदद भी करेगा। शिक्षकों व छात्रों ने रोबोट को कृष्णा नाम दिया है। शिक्षकों ने कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक व निदेशक प्रो मनीष गौड़ के सामने रोबोट का प्रदर्शन किया। 

सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के डॉ अनुज शर्मा व महीप सिंह ने बताया कि आईटीएस कॉलेज के साथ मिल कर कृष्णा रोबोट का डिजाइन तैयार किया गया है। यह रोबोट कई काम कर सकता है। खासकर यह रोबोट मरीजों की त्वचा की स्क्रीनिंग कर सकता है। कोरोना वार्ड में यह रोबोट सेनीटाइजेशन व भोजन वितरण का काम कर सकता है। इससे इंसानों में संक्रमण की संभावना बिल्कुल खत्म हो जाएगी। रोबोट बिना किसी व्यक्ति कि सहायता के मरीज को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर सकता है। इसमें लगी व्हील चेयर 130 किलो तक वजन उठा सकती है। डॉ अनुज बताते हैं कि इससे में बनाने में महज 6 दिन लगे हैं।

मरीजों की करेगा निगरानी
डॉ अनुज शर्मा बताते हैं कि यह सिर्फ डॉक्टर व स्टॉफ की इलाज के दौरान मदद ही नहीं करेगा बल्कि वार्ड में मरीजों की निगरानी भी रोबोट अपने अंदर लगे कैमरों करेगा। एप के जरिए 500 मीटर की रेंज से भी इस रोबोट को कंट्रोल किया जा सकता है। किसी भी तरह की अनहोनी होने पर डॉक्टर व प्रशासन को सूचित भी करेगा। इसके अलावा रोबोट में टाइप सी की यूवी लाइट लगी हुई है जो कोरोना वायरस के आरएनए को खत्म कर सकती है। इसके अलावा रोबोट सेनीटाइजेशन का काम भी करेगा।