राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: दो आरोपियों के घर बुलडोजर की तैयारी
लखनऊ, अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। गुरुवार को ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा से मंदिर के बंद कमरे में एसआईटी ने पूछताछ की। वहीं, आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव को कमरे के बाहर बैठाया गया। इससे पहले रविवार को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय से 3 घंटे पूछताछ हुई थी। अब उनके बयानों का मिलान करने और आरोपियों लवकुश मिश्रा,अनुकल्प मिश्रा की नियुक्ति में पदाधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके पहले एसआईटी गुरुवार दोपहर 3 बजे राम मंदिर पहुंची थी। टीम 15 से 20 जून तक जांच कर चुकी है। उधर, पुलिस ने जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की रिमांड पर लिया। उसके घर से मंदिर का संदूक, 20 लाख नकद, 1,000 डॉलर और गहने मिले थे। अविनाश मंदिर में चढ़ावे की गिनती का काम करता था।
ट्रस्टी दिनेंद्र दास बोले-पूरी गलती गोपाल राव की
चढ़ावा चोरी मामले में अब ट्रस्ट के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहली बार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा-पूरी गलती गोपाल राव की है। वे राजनीति कर रहे हैं। वो सबको उलझा देते हैं। वो राम की परंपरा नहीं मानते। गोपाल राव राम मंदिर के निर्माण प्रभारी और ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य थे। मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं।
इधर, प्रशासन आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने ऐसे मकानों की पहचान की है, जहां नियमों का उल्लंघन हुआ है। लवकुश मिश्रा के शहादतगंज स्थित मकान और अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान पर कार्रवाई हो सकती है। एडीए ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस भी जारी किया है। आरोपी अविनाश शुक्ला के भाई अमित शुक्ल का नोटों की गड्डियां हाथ में लिए एक वीडियो सामने आया है। पुलिस ने वीडियो की जांच कर रही है।
चंपत के खिलाफ 500 से ज्यादा वकील सड़क पर
गुरुवार सुबह 11.45 बजे अयोध्या में 500 से ज्यादा वकील सड़क पर उतर आए। चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव पर एफआईआर की मांग कर नारेबाजी की। सिविल लाइन चौकी जाकर उन तीनों समेत 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दी। चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। उप्र सरकार ने 13 जून को एसआईटी बनाई। 25 जून को एफआईआर हुई। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।
bhavtarini.com@gmail.com

