भ्रष्टाचार पर पंजाब विजिलेंस का प्रहार, मान सरकार में अब तक 1107 केस दर्ज, 1146 रिश्वतखोर गिरफ्तार
चंडीगढ़। पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने मार्च 2022 से अगस्त 2026 तक 1107 मामले दर्ज कर 1146 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस अवधि में अदालतों ने भ्रष्टाचार से जुड़े 154 मामलों में 248 आरोपितों को दोषी करार दिया है। विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति रखने वालों पर भी शिकंजा कसा गया है।
पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने 16 मार्च 2022 से 31 अगस्त 2026 तक की कार्रवाई का ब्योरा जारी किया है। इस दौरान ब्यूरो ने कुल 1107 मामले दर्ज किए। इनमें सबसे अधिक 529 मामले ट्रैप से संबंधित रहे। इन मामलों में रिश्वत लेते पकड़े गए 638 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में 546 आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए, जिनमें 492 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के 32 मामले दर्ज कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
301 विजिलेंस जांच भी दर्ज
भ्रष्टाचार के मामलों में आपराधिक कार्रवाई के अलावा विजिलेंस ब्यूरो ने 301 विजिलेंस जांच भी दर्ज की हैं। इनमें आय से अधिक संपत्ति से संबंधित 118 जांच शामिल हैं, जबकि 183 अन्य मामलों में विजिलेंस जांच शुरू की गई। ब्यूरो के अनुसार जांच के दौरान भ्रष्टाचार और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने से जुड़े मामलों की पड़ताल की गई।
154 मामलों में 248 दोषी
विजिलेंस ब्यूरो की ओर से अदालतों में चलाए गए मामलों में भी फैसला आया है। मार्च 2022 से अगस्त 2026 के बीच अदालतों ने भ्रष्टाचार के 154 मामलों में कुल 248 आरोपितों को दोषी करार दिया। ब्यूरो का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
bhavtarini.com@gmail.com
