देर रात मची अफरातफरी में दर्जन भर कांवरिया बेहोश, कई चोटिल
![देर रात मची अफरातफरी में दर्जन भर कांवरिया बेहोश, कई चोटिल](https://bhavtarini.com/uploads/images/2019/07/1564350734.jpg)
मुजफ्फरपुर
दूसरी सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए रविवार देर रात से ही बाबा गरीबनाथ धाम में कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में आये कांवरिया बाबा पर जल अर्पण के लिए बेताब रहे। अत्यधिक भीड़ होने के अनुमान पर रात्रि साढ़ आठ बजे से ही जलाभिषेक शुरू करा दिया गया, मगर रात्रि दो बजे के बाद शहर में कांवरियों की भीड़ का दबाव बढ़ गया। मंदिर से लेकर हरिसभा चौक तक में लंबी कतार के बीच आगे बढ़ने की आपाधापी में दर्जन भर से अधिक कांवरिया बेहोश हो गये।
कई बार भगदड़ और बैरिकेडिंग टूटने की नौबत आ गई। स्थिति को संभालने के लिए स्वयं डीएम आलोक रंजन घोष और एसएसपी मनोज कुमार अफसरों व कर्मियों व जवानों की टीम के साथ जमे रहे। बेहोश कांवरियों को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भेजा जाता रहा। कई का इलाज कांवरिया शिविर में किया गया। पौने तीन बजे छोटी कल्याणी पर हो हल्ला मचने से अफरातफरी मच गई। इस दौरान महिला भक्तों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी। कुछ श्रद्धालु चोटिल भी हुए। साहेबगंज के अशोक को अत्यधिक चोट आने पर मेडिकल कैंप में इलाज कराया गया।