डॉ. शिवराज शाह ने बिछिया विधान सभा से भरा नामांकन
किया जीत का दावा
Syed Sikandar Ali
मंडला - बिछिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. शिवराज शाह ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वर्ष 2003 से 2008 तक मंडला विधायक रहे शिवराज शाह को बिछिया से प्रत्याशी बनाये जाने के बाद वर्तमान विधायक पंडित सिंह धुर्वे सहित अनेक लोगों के इसका जोरदार विरोध किया था। सभी विरोधों से बेपरवाह शिवराज शाह अपने समर्थकों के साथ परचा दाखिल करने कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। नामांकन दाखिल कर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने किसी भी तरह के विरोध को दरनिकार करते हुए अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी बनाये जाने के बाद से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोग बेसब्री से उनका इन्तिज़ार कर रहे है। उनका कहना है कि वो चुनाव जीतकर वर्तमान विधायक पंडित सिंह धुर्वे के कामों को आगे बढ़ाएंगे। क्षेत्र का दौरा कर मानव तस्करी और धर्मांतरण पर अंकुश लगाएंगे। खुद को पैराशूट प्रत्याशी बताये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंडला के अलावा बिछिया और निवास भी उनका ही क्षेत्र है। वो सभी विधान सभा क्षेत्रों में काम करते आये है। बिछिया तो उनका पुस्तैनी क्षेत्र है। यहाँ उनकी ज़मीन भी है। उन्हें प्रत्याशी बनाये जाने पर उपजे रोष पर उन्होंने कहा कि भाजपा कैडर वाली अनुशाषित पार्टी है सभी को मना लिया जायेगा।