कैलिफोर्निया के समुद्र में एल नीनो का असर, तापमान सामान्य से 10 डिग्री फारेनहाइट ज्यादा; तटीय इलाकों पर बाढ़ का खतरा

कैलिफोर्निया के समुद्र में एल नीनो का असर, तापमान सामान्य से 10 डिग्री फारेनहाइट ज्यादा; तटीय इलाकों पर बाढ़ का खतरा

सैन डिएगो। प्रशांत महासागर में शक्तिशाली एल नीनो और लगातार बन रहे समुद्री तूफानों का असर अमेरिका के कैलिफोर्निया तट पर दिखाई देने लगा है। सैन डिएगो के ला जोला तट पर समुद्र का तापमान असामान्य रूप से बढ़ गया है। समुद्र की सतह का तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य मौसमी औसत से लगभग 8 से 10 डिग्री फारेनहाइट अधिक है। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों और बढ़ते जलस्तर ने तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। 14 से 16 नवंबर के दौरान दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटों पर ऊंची लहरें उठीं। राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) ने सैन डिएगो के तटीय क्षेत्रों में हाई सर्फ और खतरनाक समुद्री धाराओं को लेकर चेतावनी जारी की। 14 नवंबर को लहरों की ऊंचाई सामान्य तौर पर 6 से 8 फीट और कुछ स्थानों पर 10 फीट तक रहने का अनुमान था। बाद के पूर्वानुमानों में कुछ जगहों पर 12 फीट तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई।

समुद्र का जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों पर खतरा

राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के अनुसार, कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में समुद्र का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सैन डिएगो और ला जोला सहित कई स्थानों पर असामान्य रूप से ऊंचे जलस्तर दर्ज किए गए। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसके पीछे कई कारण एक साथ काम कर रहे हैं। एल नीनो के प्रभाव से प्रशांत महासागर में गर्म पानी पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इस प्रक्रिया से बनने वाली केल्विन तरंगें समुद्र के जलस्तर को अस्थायी रूप से ऊपर उठा सकती हैं। इसके अलावा गर्म पानी के फैलने यानी तापीय विस्तार और सामान्य से ऊंचे ज्वार के कारण भी समुद्र का पानी तटों की ओर बढ़ रहा है।

वैज्ञानिकों ने बताया तिहरा खतरा

समुद्र का बढ़ता जलस्तर, ऊंची लहरें और संभावित भारी बारिश कैलिफोर्निया के तटीय क्षेत्रों के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, इन परिस्थितियों के एक साथ बनने से निचले इलाकों में जलभराव, समुद्री तटों के कटाव और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है। एनओएए के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में सैन डिएगो में जलस्तर सामान्य उच्च ज्वार के औसत स्तर से 2.80 फीट ऊपर दर्ज किया गया था। ला जोला में भी 2.65 फीट का असामान्य स्तर दर्ज हुआ। वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में भी ऊंचे ज्वार और एल नीनो के प्रभाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

समुद्री जीवों और केल्प वनों पर भी असर

समुद्र के तापमान में लगातार बढ़ोतरी का असर समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र पर भी पड़ रहा है। कैलिफोर्निया के तटीय समुद्री क्षेत्र में पाए जाने वाले विशाल केल्प वन ठंडे पानी में बेहतर तरीके से विकसित होते हैं। पानी का तापमान बढ़ने से इनके विकास और अस्तित्व पर दबाव बढ़ सकता है। गर्म समुद्री पानी के कारण मछलियों की कुछ प्रजातियां भी अपने सामान्य आवास से दूसरे क्षेत्रों की ओर जाने लगती हैं। इससे स्थानीय समुद्री खाद्य शृंखला और जैव विविधता में बदलाव की आशंका है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि एल नीनो का प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है तो कैलिफोर्निया के समुद्री पर्यावरण और तटीय समुदायों के सामने नई चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।