पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सुखबीर बादल होंगे गठबंधन का बड़ा चेहरा

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सुखबीर बादल होंगे गठबंधन का बड़ा चेहरा

लुधियाना। पंजाब की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल की दूरी खत्म करते हुए एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की।

अमित शाह ने कहा कि दोनों दल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव में जीत मिलने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का ही नेता बनेगा। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस गठबंधन में सुखबीर सिंह बादल की भूमिका अहम मानी जा रही है।

भाजपा और अकाली दल का राजनीतिक गठबंधन काफी पुराना रहा है। दोनों दलों ने 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में मिलकर सरकार बनाई थी। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। इसके बाद करीब 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 117 में से केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी, जबकि भाजपा दो सीटों पर सिमट गई थी।

किसानों के मुद्दे पर तीन महीने तक हुई चर्चा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसानों और कृषि कानूनों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सुखबीर सिंह बादल ने किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों के समाधान का विषय उठाया। इस पर अमित शाह ने बताया कि किसानों के मुद्दों पर सुखबीर बादल के साथ करीब तीन महीने तक विस्तार से बातचीत हुई है। किसानों की समस्याओं को समझा गया है और अगले तीन महीने के भीतर इनके समाधान की दिशा में कदम उठाने का भरोसा दिया गया है।

बंदी सिखों की रिहाई पर दोनों दल करेंगे बातचीत

सुखबीर बादल ने बंदी सिखों की रिहाई का मुद्दा भी उठाया और केंद्र सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने की मांग की। अमित शाह ने कहा कि इस विषय पर दोनों दलों का अपना-अपना पक्ष है। इस मुद्दे पर बैठकर विस्तार से चर्चा की जाएगी और समाधान निकालने का प्रयास होगा।

करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग

अकाली दल ने सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग की। इस पर अमित शाह ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कराया है और सरकार इसे खोलना चाहती है। हालांकि, राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसे बंद रखा गया है। परिस्थितियां सामान्य होने पर इसे फिर से खोलने पर विचार किया जाएगा।

8 दिसंबर को मोगा में होगी रैली, पीएम मोदी भी होंगे शामिल

सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की कि आठ दिसंबर को मोगा में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर होगा। उन्होंने बताया कि इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया भावनात्मक रिश्ता

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा के साथ उनका गठबंधन केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस का संबंध बताते थे। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों दल साथ रहे, पंजाब ने तरक्की की और राज्य में शांति बनी रही। यह रिश्ता प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी के समय से चला आ रहा है।

नितिन नवीन बोले- एनडीए की ताकत बढ़ेगी

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब और देश के हित में यह महत्वपूर्ण फैसला है। अकाली दल के एनडीए में शामिल होने से गठबंधन की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने इसे स्वाभाविक गठबंधन बताते हुए कहा कि यह पंजाब के विकास और हिंदू-सिख एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

छह साल बाद दोनों दलों के फिर एक साथ आने से पंजाब की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना है। अब सबकी नजरें सीट बंटवारे, चुनावी रणनीति और दोनों दलों के संयुक्त कार्यक्रमों पर टिकी रहेंगी।