गोशालाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर,खाद कारखाना खरीदेगा कम्पोस्ट खाद :  योगी 

गोशालाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर,खाद कारखाना खरीदेगा कम्पोस्ट खाद :  योगी 

गोरखपुर 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निर्वासित पशुओं के संरक्षण के लिए बनाए जा रहे ‘कान्हा उपवन’ को स्वावलम्बी बनाया जाएगा। इसके लिए फर्टिलाइजर कारखाने (एचयूआरएल) से करार किया जाएगा। गोशाला के कम्पोस्ट को 7.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से फर्टिलाइजर को बेचा जाएगा। इसके होने वाली आय से कान्हा उपवन में  रहने वाले पशुओं की देखभाल की जाएगी। 

सीएम योगी शनिवार को महेवा मंड़ी के पीछे 7 एकड़ जमीन 819.29 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘कान्हा उपवन’ के लोकार्पण समारोह को संबोधत कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पीपल और पाकड़ के पौधे भी कान्हा उपवन में लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 जिलों में शहर और गांव में निर्वासित पशुओं के लिए स्थाई और अस्थाई गो आश्रय स्थल निर्मित किए गए हैं जिनमें 4 लाख निर्वासित पशुओं का संरक्षण किया जा रहा है। प्रति गोवंश 30 रुपये सरकार की ओर से चारा के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी जिलों को निर्वासित गोवंश संरक्षण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा दी गई है।

 ‘गोकुल अस्थाई गोवंश आश्रम स्थल समिति’ का नाम लिए बगैर सीएम ने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था भी की है कि आस्थावान लोगों को भी गोवंश की देखभाव और सेवा का अवसर मिले। निर्वासित पशुओं के चलते बिगड़ रही यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। किसी बुजुर्ग, महिला और बच्चे को इन गोवंश के हमले का शिकार नहीं बनना पड़ेगा।  किसानों को बेसहारा पशुओं की वजह से फसल का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि कान्हा उपवन में 1200 से 1500 बेसहारा पशु रखे जा सकेंगे। सुझाव दिया कि गोवंशियों को 4 श्रेणियों में बांट कर रखे। बछड़ों और छोटे गोवंश को अलग, गर्भवती गायों को अलग शेड में रखे। अन्य निर्वासित गोवंशियों के लिए भी अलग से इंतजाम करें। 

 
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वासित गोवंश के लिए सरकार जहां कदम उठा रही, आम जनमानस की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने गोवंश का ध्यान रखे। गोपालकों को सीएम ने कड़ी चेतावनी दी कि यदि सड़क पर घूमते हुए उनके गोवंश कान्हा उपवन में आते हैं, यदि कोई पशुपालक उसे छुड़ाने के लिए आता है, तो भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा। 

सीएम ने किया गोशाला का निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोशाला का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त के अलावा कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह, स्थानिक अभियंता गुलशन कुमार, आर्किटेक्ट आरडी भारती एवं ठेकेदार गिरीश प्रसाद रावत से जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि कुछ कार्य रह गए उन्हें जल्द पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने गोशाला के निर्माण कार्यो की सराहना भी की। कहा कि कुछ अन्य कार्य मंजूर हुए हैं गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निर्धारित अवधि में उन्हें भी पूर्ण कराया जाएगा। 

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महापौर सीताराम जायसवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, जवाहर कसौधन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ डीके शर्मा, डॉ संजय कुमार श्रीवास्तव, इंजीनियर गुलाम अख्तर, ओपी यादव, वेद प्रकाश समेत प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।