जमीन की लालच में महिला ने की दीदी और जीजा की हत्या
जशपुर
छत्तीसगढ़ के जशपुर में सात माह पहले हुए पति पत्नी की हत्या मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने महिला की बहन को मुख्य आरोपी बनाया गया है. मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी महिला की बहन फरार है. पुलिस का दावा है कि महिला की बहन ने जमीन हड़पने की नीयत से अपने दीदी और जीजा की हत्या की.
पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश रचने वाला कोई और नहीं खुद मृतिका की छोटी बहन पार्वती है, जिसने बड़ी चालाकी से सुनियोजित तरीके से दोनों की जान ले ली और यहां तक की उसने साक्ष्यों को भी छुपाने का प्रयास किया. मामले में एक अन्य आरोपी जोगना की गिरफ्तारी हो गयी है, वहीं मुख्य आरोपी पार्वती अब भी फरार है. मामला है बगीचा थाना इलाके के सरडीह का है, जहां बीते 7 जनवरी को टेमना राम और उसकी पत्नी राजन बाई के तबीयत खराब होने पर उन्हें शासकीय अस्पताल शांतिपारा बतौली में ईलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां ईलाज के दौरान पति पत्नी की मौत हो गई.
संदेह था कि यह स्वाभाविक मौत नहीं बल्कि कोई अपराध घटित हुआ है. मृतकों के पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर बताया गया है. पति पत्नी की मौत किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा शराब में कीट नाशक दवाई मिलाकर देने से होना पाया गया. इसपर थाना बगीचा में सात महीने बाद 12 जुलाई को अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी. घटना के दिन मृतक टेमना के साथ रहे उसके साथी जोगना तुरी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि करीब 6-7 माह पूर्व हर्राटोली शंकरगढ़ की रहने वाली पार्वती तुरी ग्राम सरडीह आई थी और उससे बोली कि इसकी दीदी राजन बाई और जीजा टेमना बहुत शराब पीते हैं.
पार्वती ने कहा कि उनके दीदी जीजा की शराब पीने की लत छुड़ाना है. इसके लिए अपने गांव से वह शराब छुड़ाने की दवाई बनवाकर लाई है. उसने आरोपी को कहा कि वह उस दवाई को दीदी जीजा को शराब में मिलाकर पिला दे, जिससे उनके शराब पीने की आदत छुट जाए. पार्वती ने आरोपी जोगना को एक पुड़िया दी, जिसे आरोपी अपने पास रख लिया और मौका पाकर उसने शराब की बोतल में उसे मिला दिया. आरोपी ने बताया कि घटना के दिन दोनों शाम को गांव के दुर्गा तुरी के घर शराब लेने गये थे, जहां दुर्गा के घर से आरोपी व टेमना एक लाल रंग के बीयर वाले बोतल में तीस रुपये का एक देशी शराब लिये.
इसके बाद मौका देखकर उसने शराब की बोतल में पार्वती द्वारा दी गई पुड़िया को मिला दिया. बगीचा एसडीओपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि जहर मिले शराब के सेवन के बाद पति पत्नी की हालत बिगड़ने लगी और दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. टेमना एवं राजन बाई की मौत पार्वती के द्वारा दिये हुए पुड़िया को शराब में मिलाकर देने के कारण हुई है. एसडीओपी तंवर ने बताया कि पार्वती ने जमीन हड़पने के लिए अपने दीदी जीजा की हत्या की. पुलिस आरोपी पार्वती की तलाश कर रही है.
bhavtarini.com@gmail.com 
