बारात से लौट रहे लोगों की नाव पलटी, 5 की मौत

बारात से लौट रहे लोगों की नाव पलटी, 5 की मौत

मंडला
 गुरुवार सुबह बारातियों को लेकर आ रही एक नाव नर्मदा नदी में पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 को बचा लिया गया। मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्चा है। हादसा जिले के टिकरिया इलाके में हुआ।

पुलिस ने बताया कि मंडला के टिकरिया से बुधवार रात बारात सिवनी जिले के बखारी गांव आई थी। गुरुवार सुबह नाव से नर्मदा नदी पार कर बाराती लौट रहे थे, तभी नाव असंतुलित होकर पलट गई। मृतकों में कलावती बाई (35), लालती बाई (32), धनियाबाई (50), बुद्धोबाई (40) और 8 साल का बच्चा देशराज है।

दूसरी नाव में जा रहे लोगों ने बचाया

बताया जा रहा है कि नाव पलटने से लोग डूबने लगे तो दूसरी नाव से जा रहे लोगों ने कूदकर उन्हें बचाया। काफी कोशिशों के बाद छह लोगों को बचा लिया गया। घटना के बाद पुलिस और राहत बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन बाकी लोगों को बचाया नहीं जा सका।