सिंधिया के साथ बहस से इंकार: दिग्विजय सिंह
भोपाल
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन को लेकर मचे घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आज इस बात से इंकार किया कि उनके और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच कोई बहस हुयी। सिंह ने देर शाम ट््वीट के जरिए अपना स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया में इस बात की गलत खबर चलायी जा रही है कि उनके और सिंधिया के बीच बहस हुयी और राहुल गांधी को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में हम सभी एक हैं और राज्य की भ्रष्ट भाजपा सरकार को पराजित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बीच सोशल मीडिया और राजनैतिक गलियारों में दिन भर यह खबर चलती रही कि दिल्ली में कल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर आयोजित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में टिकट वितरण को लेकर दिग्विजय सिंह और सिंधिया के बीच तीखी बहस हो गयी। मामला शांत करने के लिए गांधी को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की आज पहली सूची जारी होने की संभावना थी, लेकिन इसे कल तक टाल दिया गया। उम्मीद है कि एक दो दिन में पहली सूची जारी हो जाएगी। चुनाव के लिए नामांकनपत्र भरने का कार्य भी कल शुरू हो जाएगा और यह कार्य नौ नवंबर तक चलेगा।