सोनभद्र गोलीकांड : 10 लोग की हत्या का मुख्य आरोपी यज्ञदत्त समेत पांच रिमांड पर

सोनभद्र गोलीकांड : 10 लोग की हत्या का मुख्य आरोपी यज्ञदत्त समेत पांच रिमांड पर

 सोनभद्र 
उभ्भा गांव में 10 आदिवासियों की हत्या के मुख्य आरोपित समेत पांच आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को 27 घंटे की रिमांड पर ले लिया। कोर्ट के निर्देश के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपितो के अधिवक्ता अपने मुवक्किल की निगरानी कर सकेंगे।

उभ्भा कांड की जांच कर रहे सीओ सदर डॉ. केजी राय ने विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी कोर्ट में यज्ञदत्त भुरकिया, उसके भाई धर्मेन्द्र के अलावा गणेश, नीरज राय, अशर्फी को रिमांड पर लेने के लिए 27 जुलाई को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके पीछे तर्क था कि पुष्ट और प्रमाणिक साक्ष्यों का संकलन करना है। कोर्ट ने पांचों को 29 जुलाई को पेश करने को कहा था। 29 जुलाई को पुलिस ने पांचों आरोपितों को पेश तो किया लेकिन, अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण उन्हें रिमांड पर नहीं ले सकी। लिहाजा, 30 जुलाई की सुबह कोर्ट खुलते ही एक बार फिर पांचों को कोर्ट में पेश किया गया। इस पर कोर्ट ने उन्हें मंगलवार की दोपहर तीन बजे से लेकर बुधवार की शाम छह बजे तक पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया।

आरोपितों की ओर से अधिवक्ता शेष नारायण दीक्षित, सुरेश श्रीवास्तव और अरुण मिश्रा पेश हुए। इन्होंने रिमांड पर दिए जाने का यह कहते हुए विरोध किया कि उभ्भा कांड में अधिकतर आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। ट्रैक्टर भी बरामद हो चुके हैं। ऐसे में रिमांड की कोई आवश्यकता नहीं है। इस पर कोर्ट ने निर्देश दिया कि रिमांड के दौरान तीनों अधिवक्ता अपने मुवक्किल की निगरानी कर सकते हैं। निगरानी 40 मीटर की दूरी से कर सकेंगे। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस टीम पांचों आरोपितों को लेकर चली गई।