हथियारों और मिसाइलों का प्रदर्शन, चीन ने सैन्य परेड में दिखाई अपनी ताकत

हथियारों और मिसाइलों का प्रदर्शन, चीन ने सैन्य परेड में दिखाई अपनी ताकत

 
पेइचिंग

साम्यवादी शासन के 70 साल पूरे होने पर चीन की ओर से विशाल सैन्य परेड का आयोजन किया गया। विदेशी मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार, चीन के इस परेड को दुनिया के सामने शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। 20 लाख अधिक सैन्य बल से सजी चीन की सेना पीएलए विश्व की सबसे बड़ी सेना है। सैन्य परेड में चीन ने अपने आधुनिक और बहुत शक्तिशाली हथियारों का प्रदर्शन किया। इन हथियारों में फाइटर प्लेन, एयरक्राफ्ट कैरियर, सुपरसॉनिक मिसाइल और न्यूक्लियर क्षमता से लैक पनडुब्बियों का प्रदर्शन किया गया।

DF-41 चीन की सेना को बनाएगा और ताकतवर
परमाणु और हाइपरसॉनिक मिसाइलों समेत अपने सबसे आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन चीन ने मिलिटरी परेड में किया। इसमें DF-41 भी शामिल है। यह दुनिया की सबसे ताकतवर मिसाइलों में शामिल है जिसकी मारक क्षमता बहुत अधिक है। जानकारों का कहना है कि यह मिसाइल कुछ ही मिनटों में चीन से यूएस तक पहुंच सकती है।  चीन ने भव्य परेड के साथ साम्यवादी शासन की 70वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया। चीन में हर ओर इन दिनों जश्न का माहौल है। इस मौके पर बढ़ती राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों के बीच भव्य परेड निकाली गई, जिसमें उसने परमाणु और हाइपरसॉनिक मिसाइलों समेत अपने सबसे आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया।
नए हथियारों का किया चीन ने प्रदर्शन 
इस अवसर पर जश्न समारोह का मुख्य कार्यक्रम चीनी सेना की अब तक की सबसे बड़ी परेड रही। अपने मुख्य हथियारों को छिपाकर रखने वाले चीन ने नयी परमाणु और हाइपरसॉनिक मिसाइलों का प्रदर्शन किया। इसे उसका शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

दुनिया के सामने चीन का शक्ति प्रदर्शन 
यह जश्न समारोह ऐसे समय में हो रहा है जब देश गंभीर राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। दुनिया के सामने इसे चीन का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। पिछले कुछ महीनों से हॉन्ग कॉन्ग में हो रहे लगातार चीन विरोधी प्रदर्शन के कारण विश्व के कई देशों ने चीन की आलोचना की है।

शी चिनफिंग ने चीन की तरक्की को बताया महान 
इस मौके पर चीन के राष्ट्रपति ने सैन्य परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने देश के लगातार मजबूत होने का दावा करते हुए कहा, ‘चीन ने जबरदस्त बदलाव किया। वह डटा हुआ है, समृद्ध हो रहा है और मजबूत बन रहा है। वह कायाकल्प के उत्कृष्ट आयामों के साथ कदम से कदम मिला रहा है।’

चीन ने अपने आधुनिक अस्त्र-शस्त्रों का किया प्रदर्शन 
70 साल के जश्न के मौके पर चीन ने अपने बेहद आधुनिक और शक्तिशाली हथियारों का परीक्षण किया। चीन ने मारक अधियारों को भी परेड में शामिल किया।
चीन की विशाल सैन्य क्षमता की झलक 
चीन के 70वें साल के समारोह में चीन की मजबूत और विशाल सैन्य क्षमता देखने मिली। चीन के जल-थल और वायु सेना के जवानों ने शक्ति प्रदर्शन किया।

चीन में हर ओर जश्न का माहौल 
चीन में इन दिनों हर ओर जश्न का माहौल है। सड़कों पर लोग जश्न मनाने के लिए जुटे हैं। चीनी झंडे से सड़कें पटी हुई हैं।

ग्लाइडर डोनफेंग-17 पर रही सबकी नजर
मंगलवार को हुई हथियारों की प्रदर्शनी में डोंगफेंग-17 पर सबकी नजर टिक गई। यह न्यूक्लियर क्षमता से लैस ग्लाइडर है। विदेशी विश्लेषकों का कहना है कि इस ग्लाइडर की ताकत इसकी हाई स्पीड और ऐंटी-मिसाइल डिफेंस तकनीक है। इस मिसाइल को विश्व की सबसे लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम मिसाइल माना जा रहा है। इसकी मारक क्षमता 15,000 किमी. तक है।

अमेरिका को अपनी ताकत दिखा रहा चीन
चीन पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि चीन इस सैन्य प्रदर्शनी के जरिए अमेरिका को अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहता है। एशियाई क्षेत्र में चीन अपनी असीमित ताकत का प्रदर्शन करने के साथ ही साउथ चाइना सी और पूरे एशिया में खुद को सबसे ताकतवर साबित करने की कोशिश कर रहा है।