रेरा में पंजीकृत बिल्डरों की ही होगी ग्रेडिंग

 रेरा में पंजीकृत बिल्डरों की ही होगी ग्रेडिंग

लखनऊ 
आने वाले दिनों में शहरों में मकान व प्लॉट खरीदने वाले लोगों को रेरा से काफी मदद मिल सकेगी। रेरा बताएगा कि किस शहर में किस बिल्डर से मकान व प्लॉट खरीदना सही रहेगा। लोगों की सुविधा के लिए यूपी रेरा बिल्डरों की ग्रेडिंग व स्टार रेटिंग कराने जा रहा है। इससे लोगों को पता चल जाएगा कि उनके शहर में सबसे अच्छा काम करने वाला बिल्डर कौन है। उस बिल्डर की क्या खूबी है। मकान सस्ते हैं या फिर समय पर प्रोजेक्ट पूरा करता है। वादा खिलाफी करता है या नहीं।

मकान प्लॉट के नाम पर बड़े पैमाने पर बिल्डरों ने प्रदेश के लोगों को ठगा है। इस का सिलसिला लगातार चल भी रहा है। यूपी रेरा ने इस पर अंकुश लगाने की तैयारी की है। इसके लिए रेरा काफी समय से काम भी कर रहा है। रेरा अब लोगों को यह भी बताने का प्रयास करेगा कि वह किस बिल्डर व प्रॉपर्टी डीलर से फ्लैट, मकान व प्लॉट खरीदें। इससे लोग बिल्डरों व प्रापर्टी डीलरों के फर्जीवाड़े से बच सकेंगे। वह बिल्डर के काम के आधार पर ही उसका मूल्यांकन करेगा। यह मूल्यांकन ऑनलाइन व सॉफ्टवेयर के जरिए ही होगा। इस मूल्यांकन में किसी अधिकारी कर्मचारी की कोई दखलंदाजी नहीं होगी। 
 
क्योंकि अब सभी बिल्डरों का रेरा में पंजीकरण कराना जरूरी है। ऐसे में जितने भी बिल्डर पंजीकृत हैं उन सभी की ग्रेडिंग व रेटिंग होगी। रेरा की साइट पर बिल्डर का पूरा विवरण रजिस्ट्रेशन के समय दर्द होता है। परियोजनाएं कब शुरू हुई। कब पूरी हुई। उनकी प्रगति क्या है। यह सारी जानकारी रेरा के पास हमेशा रहती है। बिल्डर को हमेशा इसे अपडेट करना रहता है।