मखाना की खेती का उन्नत प्रशिक्षण लेने कृषकों का दल रवाना
पन्ना। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योजना लागू की गई है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के 14 प्रमुख जिलों में मखाना उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें पन्ना जिला भी शामिल है। इसी क्रम में मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों और व्यावहारिक ज्ञान से किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकासखंड पन्ना, गुन्नौर, पवई तथा शाहनगर क्षेत्रों से 30 चयनित कृषकों के अध्ययन दल को तीन दिवसीय प्रशिक्षण हेतु रवाना किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक होशंगाबाद जिले के बावई में आयोजित किया जा रहा है। कृषक दल को मोहन्द्रा से मंडल अध्यक्ष अरुण चैरसिया द्वारा हरी झंडी दिखाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया गया। कृषक दल के सुचारू मार्गदर्शन एवं विभागीय समन्वय हेतु उद्यानिकी विभाग के ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी ईश्वर दयाल अहिरवार भी दल के रवाना हुए। बावई स्थित प्रशिक्षण केंद्र में देश के प्रतिष्ठित भारतीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा (बिहार) के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों द्वारा पन्ना जिले के कृषकों को मखाना की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के चयन, जल प्रबंधन, कीट नियंत्रण तथा प्रसंस्करण तकनीकों का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस पहल से जिले में पारंपरिक खेती के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
