चित्रकूट में प्रियंका की दहाड़, कहा—आप राजनीति में आएं ताकि देश बदल सके

चित्रकूट में प्रियंका की दहाड़, कहा—आप राजनीति में आएं ताकि देश बदल सके

सतना। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को चित्रकूट पहुंचीं। यहां प्रियंका ने केंद्र की मोदी और उत्तरप्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि 40 फीसदी की भागीदारी एक शुरुआत है और लोकसभा के चुनाव में हमारी ये कोशिश रहेगी कि 50 फीसदी टिकट महिलाओं को दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब आपका शोषण किया जा रहा है और आप पर अत्याचार किया जा रहा है, आपको पीटने वालों से अपना हक मांगेंगे तो वो हक कभी नहीं मिलेगा। अपने हक के लिए लड़ना पड़ेगा।

प्रियंका ने आरोप लगाया कि  जो सरकार आपके लिए कुछ कर ही नहीं रही है तो उसे आगे क्यों बढ़ाना? मैं यहां आपसे इसलिए बात करने आई हूं कि अपना मन बना लीजिए। आप आधी आबादी हैं। तो एकजुट होकर आप अपना हक क्यों नहीं मांग रही हैं? राजनीति में आपकी भागीदारी सुनिश्चित है। प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाएं लड़ेंगी और लड़ने से समाज और राजनीति में एक बहुत बड़ा बदलाव आएगा। कोई ऐसा राजनैतिक दल नहीं होगा जो उन्हें रोक पाएगा। राजनीति में आजकल बहुत क्रूरता और हिंसा है। 

मंत्री ने बेटे ने किसानों को कुचल दिया, सरकार ने अत्याचारी की मदद की
 
कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल ​दिया। सरकार ने अत्याचारी की मदद की। हिंसा को खत्म करने के लिए महिलाओं का राजनीति में आना जरूरी है। महिलाओं में करुणा भाव होता है। राजनीति में हिंसा, क्रूरता, अत्याचार और शोषण खत्म करने के लिए महिलाओं का आगे आना जरूरी है। आप आगे आइए ताकि हम राजनीति, समाज और पूरे देश को बदल सकें।