शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

सीकर में 413 किलो खाद्य सामग्री सीज, 414 किलो खराब सामग्री नष्ट, पाली में 600 लीटर घी सीज

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा विभिन्न जिलों में कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं खराब खाद्य सामग्री को नष्ट करने के साथ नमूनीकरण, जब्ती एवं सुधार नोटिस की कार्रवाई भी की जा रही है।

बस्सी में 125 किलो मिल्क केक नष्ट

जयपुर के बस्सी क्षेत्र में तुंगा रोड स्थित मैसर्स शर्मा मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई के दौरान करीब 125 किलो संदिग्ध मिल्क केक मौके पर नष्ट कराया गया। यह मिल्क केक अलवर से ₹180 प्रति किलो की दर से लाया गया था और दुकान पर ₹360 प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा था। मौके पर 60 पैकेट यानी 3 कार्टन में रखे उत्पाद को जब्त कर नष्ट कराया गया तथा नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अतिरिक्त मैसर्स अम्बे जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक तथा मैसर्स लाल जी जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, मावा बर्फी एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। टीम ने संबंधित दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सामग्री ढककर रखने, फूड कलर का सीमित उपयोग करने तथा गुणवत्तापूर्ण मावा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

अजमेर में 500 किलो मिठाइयां नष्ट

अजमेर जिले में केंद्रीय दल ने मैसर्स जेएमडी फूड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। यहां पैक्ड मिठाइयों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग तिथि अंकित नहीं पाई गई। कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलो मिल्क केक एवं डोडा बर्फी को निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट कराया गया तथा नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अलावा मैसर्स बद्रीनारायण प्रा. लि. से माखन बड़ा एवं सोहन हलवा तथा मैसर्स गुरुकृपा फूड्स से घी एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। कमियों के आधार पर संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।

सीकर में बड़ी कार्रवाई

सीकर जिले में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने श्याम बीकाणा नमकीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। मौके पर गंभीर गंदगी एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान 272 किलो सोन पापड़ी, 116 किलो चना दाल एवं 25 किलो भुजिया सीज की गई। वहीं 204 किलो बदबूदार नमकीन एवं 210 किलो खराब पामोलिन ऑयल नष्ट कराया गया। फैक्ट्री संचालक को स्वच्छता संबंधी कमियों एवं अन्य अनियमितताओं के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।

पाली में 600 लीटर घी सीज

पाली जिले में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा ज्योति सरस का करीब 600 लीटर घी सीज किया गया। संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप स्थिति के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आमजन से भी अपील की गई है कि मिलावट अथवा संदिग्ध खाद्य सामग्री से संबंधित किसी भी सूचना को विभाग के कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।