लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना लॉकडाउन के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सक्रियता पर सवाल उठाए हैं. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों से मिल रही सहायता को आरएसएस अपना बताकर बांट रहा है.
अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि प्रदेश में कम्युनिटी किचन और आरएसएस के भंडारे में कोई फर्क नहीं दिखता है. स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकारी संस्थानों से प्राप्त खाद्य सामग्री को आरएसएस अपना बताकर और मोदी थैली में भरकर कुछ भाजपाई परिवारों में वितरित करना घटिया मानसिकता को प्रदर्शित करता है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि संघ की कुटुम्ब शाखा कैसे लगाई जा रही है? भाजपा की सरकार क्या संघ का एजेंडा बढ़ाने के लिए ही चुनी गई है?
अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा देश कोरोना वायरस के खिलाफ संघर्ष में एकजुट है. लॉकडाउन का भी सभी समर्थन कर रहे हैं. जनहित और जनसुविधा संबंधित सरकारी निर्देशों का पालन भी हो रहा है, लेकिन सरकार के भ्रामक बयानों से जनता में दुविधा की स्थिति भी बन रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा प्रशंसित मॉडल कामयाब नहीं हो रहे हैं. मजदूर और गरीब को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है.
सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार गरीबों की सुध नहीं ले रही है. सरकार को गरीबों के इलाज, उनके भोजन और आवास की व्यवस्था करनी चाहिए. जहां जनता कोरोना को हराने के लिए प्रतिबद्ध है वहीं भाजपा सरकारें ईमानदारी से काम करने के बजाय राजनीति करने से बाज नहीं आ रही हैं.
आगरा मॉडल पर उठाया सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना युद्ध में जिस आगरा मॉडल की प्रधानमंत्री ने तारीफ की थी, वह लगातार गंभीर लापरवाही और बदइंतजामी से फेल हो चुका है. जिला प्रशासन की हेल्पलाइन कारगर नहीं हो सकी है. दवा आपूर्ति दूर की कौड़ी साबित हो रही है.
पूर्व सीएम ने कहा कि लखनऊ और प्रदेश के कई अन्य जनपदों में जहां हॉटस्पॉट है वहां न तो लॉकडाउन का पूरा पालन हो पा रहा है और नहीं उन स्थानों के निवासियों को आवश्यक खाद्य पदार्थों दूध आदि की ठीक से सप्लाई हो पा रही है. अखिलेश यादव ने कहा कि टेस्टिंग का ब्यौरा टीम-इलेवन को बताना चाहिए. जहां-जहां लॉकडाउन सख्ती से लागू है वहां दुगना कोरोना केस कैसे आए हैं? मुख्यमंत्री के इस मॉडल की भाजपाई प्रशंसा करते रहते हैं लेकिन इस मॉडल की नाकामयाबी भी जाहिर है.
घूमने फिरने में हो रहा पास का इस्तेमाल
अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजधान में कई दुकानों को दवा, किराना आदि की सप्लाई के लिए विशेष पास जारी किए गए थे. कई दुकानदारों ने जनता को राहत पहुंचाने की जगह अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, फोन पर लोगों को भटकाते रहे या फिर सामानों के इतने मंहगे दाम बताए कि लोगों ने तौबा कर ली. विशेष पास का इस्तेमाल शहर में घूमने फिरने में किया जाने लगा है.