'नक्सलियों को उनकी मांद में घुसकर मारेंगे': एआईजी नक्सल ऑपरेशन

'नक्सलियों को उनकी मांद में घुसकर मारेंगे': एआईजी नक्सल ऑपरेशन
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए छत्तीसगढ़ के जवान पूरी तरह से तैयार हैं. एआईजी नक्सल ऑपरेशन देवनाथ का कहना है कि बसवराजू के नक्सलियों के संगठन में शीर्ष पद पर आने से कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है. इससे पहले भी बसवराजू पिछले 27 साल से माओवादी संगठन की केन्द्रीय कमेटी का सदस्य रहा है. बसवराजू ने 18 साल से पोलित ब्यूरो सदस्य के तौर पर सक्रिय रहने के अलावा पार्टी के केंद्रीय सैन्य आयोग के प्रभारी के तौर पर भी काम किया है. माओवादियो के नए शीर्ष नेतृत्व बसवराजू पर अलग-अलग राज्यों और केन्द्रीय सुरक्षा संगठनों ने 1 करोड़ 57 लाख रुपए का ईनाम रखा है. माना जा रहा है कि बसवराजू को नक्सली संगठन में महासचिव बनाए जाने के बाद माओवादी हमले बढ़ सकते हैं. लेकिन एआईजी नक्सल ऑपरेशन देवनाथ का मानना है कि फोर्स ने माओवादियों की मांद में घुसकर उन्हें लगातार ढेर करती रही है और जंगल में फोर्स लगातार इसी तरह के एक्शन करके उन्हें मुंह तोड़ जवाब देती रहेगी. बता दें कि देश में माओवाद संगठन के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया गया है. संगठन का महासचिव बसवराजू उर्फ नंवबल्ला केशव राव को बनाया गया है. 25 साल से इस पद पर कार्यरत मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ़ गणपति की जगह केशव को संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. ऐसे में माना जा रहा है कि देश में नक्सल प्रभावित इलाकों में माओवादी हमले बढ़ सकते हैं. हांलाकि पुलिस फोर्स लगातार अभियान चलाकर माओवादी के बड़े काडर को ही खत्म करने की ओर तेजी से बढ़ रही हैं.