मदरसे में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, मौलाना गिरफ्तार
nadeem khan
पन्ना। शहर के टिकुरिया मोहल्ले के एक मदरसे में अध्ययनरत एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मौलाना के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, घटना 31 जुलाई की बताई जा रही है। आरोप है कि मदरसे में पढ़ने गई नाबालिग छात्रा को आरोपी मौलाना ने एक कमरे में अकेले बुलाकर बंद कर दिया और उसके साथ अशोभनीय हरकत करने का प्रयास किया। किसी तरह बाहर निकलने के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी मोहम्मद मुबारक हुसैन निवासी रेहली, जिला सागर को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। प्रकरण में यह आरोप भी लगाया गया है कि आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मदरसे में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे। पुलिस इस पहलू की भी तकनीकी जांच कर रही है और सीसीटीवी व्यवस्था से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चैहान ने बताया कि 31 जुलाई की रात शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बाल यौन अपराधों से संबंधित मामलों में कानूनी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित नाबालिग की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
bhavtarini.com@gmail.com 
