PM मोदी इस महीने आ सकते हैं काशी, आज तैयारियों को परखने आ रहे हैं CM योगी
वाराणसी
काशी में होने वाले विकास कार्यों का जायजा लेने दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री आशापुर फ्लाईओवर, गोदौलिया पार्किंग के साथ ही बीएचयू अस्पताल- दीनदयाल अस्पताल के एमसीएच विंग और बीएचयू क्षेत्रीय नेत्र संस्थान को भी देखने जाएंगे। इसके अलावा कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर जिले में अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर होने वाली तैयारियों की हकीकत भी जानेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जुलाई में वाराणसी दौरे से पहले मुख्यमंत्री सोमवार और मंगलवार को तैयारी परखेंगे। इसके साथ ही कोरोना संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां भी देखेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे पर आने से पहले ही जिले के नोडल अधिकारी और अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी वाराणसी पहुंच गए हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुख्यमंत्री के दौरे के साथ ही बैठक आदि के बारे में जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार देर शाम यहां आने के बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों संग बातचीत करेंगे। सोमवार की देर रात और मंगलवार की सुबह वे विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
पिछले कुछ बैठकों में जिस तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है, उससे अधिकारियों की धुकधुकी बढ़ी है। पिछले महीने दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी सरोज कुमार के तत्काल निलंबन और नगर निगम के अधिकारियों को साफ-सफाई में लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई थी। रविवार को दिन भर जिला प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समीक्षा बैठक से जुड़े बिंदुओं के साथ ही मुख्यमंत्री के निरीक्षण करने वाले स्थानों पर भी तैयारियों में लगे रहे।
bhavtarini.com@gmail.com 