मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया उम्मेद चिकित्सालय का निरीक्षण

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया उम्मेद चिकित्सालय का निरीक्षण

जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को अपने जोधपुर प्रवास के दौरान उम्मेद चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने स्त्री रोग बहिरंग विभाग, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, गायनी आईसीयू, एचडीयू तथा पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड-1 एवं 3 सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का सघन अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नवजात शिशु सघन उपचार इकाई एवं नर्सरी व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

मुख्य सचिव ने नवजात शिशु सघन उपचार इकाई में आउट-बॉर्न एवं इन-बॉर्न नर्सरी का निरीक्षण कर नवजात शिशुओं के उपचार एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपचार व्यवस्थाओं को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

चिकित्सा सेवाओं, संसाधनों की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें सुनिश्चित

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध उपकरणों, संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश  दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी, जिला कलक्टर आलोक रंजन सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।