समानता और सम्मान के लिए जीते थे सरदार पटेल: थॉमस जॉन

समानता और सम्मान के लिए जीते थे सरदार पटेल: थॉमस जॉन
amjad khan शाजापुर। अपनी कठोरता और देश प्रेम के लिए हम जिस लौह पुरूष को जानते हैं वे हमेशा देश को एक समान सूत्र में पिरोने और सम्मान दिलाने के लिए जीते थे। उनकी जिद के आगे कई लोगों को झुकना पड़ा था। आज उसी लौह पुरूष के बताए मार्ग पर चलने और आगे बढऩे की शपथ लेना ही हमारी ओर से सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें एबी रोड स्थित कौटिल्य एज्यूकेशन एकेडमी में बुधवार को आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्राचार्य थॉमस जॉन ने कही। उन्होने कहा कि सरदारजी ने देशवासियों की खुशी और सम्मान के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया था, वे एक बार जो ठान लेते थे उसे पूरा करने के बाद ही दम लेते थे और उनकी हमेशा यही प्राथमिकता रही थी कि भारत देश अच्छा उत्पादक हो और इस देश में कोई भी अन्न के लिए आंसू बहाता भूखा न रहे। विद्यालय संचालक ब्रजेश यादव ने कहा कि सरदारजी ने देश को एकता और अखंडता के सूत्र में पिरोने के लिए प्रयास किया, क्योंकि उनका मानना था कि एकता के बिना शक्ति नही है, जब तक कि उसे ठीक ढंग से सामंजस्य में न लाया जाए और एकजुट न किया जाए और तभी यह आध्यात्मिक शक्ति बन जाती है। कार्यक्रम को संचालिका शशि यादव, प्रशासनिक समिति अधिकारी अरविंद यादव, उप प्राचार्य नरेंद्रसिंह डोडिया, ऋतु व्यास ने भी संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला। बच्चों को दिलाई एकता अखंडता की शपथ कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य थॉमस जॉन ने बच्चों को एकता व अखंडता की शपथ भी दिलाई। बच्चों ने भी संकल्प लिया कि वे जात-पात, ऊंच-नीच से ऊपर उठकर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होंगे, ताकि वे भी आगे चलकर देश के विकास में अपना अहम योगदान दे सकें। संचालन छात्र आर्यन यादव ने किया तथा आभार संगीता व्यास ने माना। इस अवसर पर बडी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। लौह पुरूष सरदार पटेल की जयंती मनाई शाजापुर। सरस्वती विद्या मंदिर शरद नगर में बुधवार को लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के अतिथि संजय बोराड़े, संस्था प्रधानाचार्य राजीव जलखरे, दीनदयाल पनवाड़ा थे। कार्यक्रम में अतिथियों के द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। वहीं सरदार पटेल के जीवन एवं उनके द्वारा देश के प्रति समर्पण पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोराड़े ने कहा कि हमें सरदार पटेल के जीवन से शिक्षा लेना चाहिए कि उन्होने पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होने कहा कि हमें प्रत्येक कार्य को दृढ़ विश्वास एवं मजबूत इच्छा शक्ति के साथ करना चाहिए। आभार कमल नागर ने माना। यह जानकारी महेश यादव ने दी।