राज्य खाद्य आयोग ने किया एनआरसी का निरीक्षण
बच्चों को मिल रही सुविधाओं की ली जानकारी
Syed Javed Ali
मण्डला - 2 दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत राज्य खाद्य आयोग ने जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुर्नवास केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष राजकिशोर स्वाई ने एनआरसी में बच्चों को मिल रहे पोषण आहार पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एनआरसी में बच्चों को समय पर एवं गुणवत्ता के साथ पोषण आहार मिलता रहे। आयोग के अध्यक्ष श्री स्वाई ने एनआरसी में बच्चों के वजन के बारे मंम संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और कहा कि महिला बाल विकास के अधिकारी भी समय-समय पर एनआरसी का सतत रूप से निरीक्षण करते रहें।
अध्यक्ष श्री स्वाई ने एनआरसी में भर्ती बच्चों एवं माताओं कुपोषण दूर करने के लिए मिल रहे पोषण आहार के मेनू के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेनू के अनुसार नियमित रूप से पोषण आहार मिलता रहे। उन्होंने वर्तमान में भर्ती कुपोषित बच्चों की संख्या के बारे में पूछा साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये इसके लिए आवश्यक होने पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण करने की भी बात कही। श्री स्वाई ने भर्ती महिलाओं को शासन से मिलने वाली सहायता राशि के बारे में पूछताछ की। उन्होंने एनआरसी केन्द्र में रिक्त पदों के बारे में जानकारी लेते हुए शीघ्र भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष राजकिशोर स्वाई, सदस्य दुर्गा डावर, प्रशासनिक अधिकारी अनिल तिवारी, आयोग का स्टाफ, कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. पीपरे, एनआरसी प्रभारी डॉ. धुर्वे, पोषक प्रशिक्षक रश्मि वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।