आज से शुरू हो रही है सिंगल इमरजेंसी नंबर सेवा, ऐसे मिलेगी तत्काल मदद
रायपुर
राजधानी रायपुर समेत राज्य के 11 शहरों में आज से सिंगल इमरजेंसी नंबर सेवा 'डायल-112" शुरू हो रही है। घटना की सूचना मिलने के दस मिनट के भीतर इमरजेंसी रिस्पांस ह्वीकल पहुंचकर लोगों की मदद करेगी। डायल-112 का मोबाइल एप भी बनाया गया है, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। एप में दिए इमरजेंसी बटन को क्लिक करने से सीधे कंट्रोल रूम में सूचना पहुंचेगी।
इसके बाद पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो जाएगी। सिंगल इमरजेंसी नंबर डायल-112 फेसबुक, टि्वटर और वाट्सएप से कनेक्ट रहेगा। डायल-112 के पेज में जाकर मैसेज कर सकेंगे। लोगों की शिकायतें या सूचनाएं गोपनीय रहेंगी। इमरजेंसी सेवा के लिए सरकार ने एसयूवी सेगमेंट की 250 गाड़ियां खरीदी हैं।
शहर में रिस्पांस टाइम 10 मिनट और ग्रामीण इलाके में 30 मिनट होगा। सिविल लाइंस पुलिस थाना कैंपस में इसके लिए अलग से कंट्रोल रूम बनाया गया है। 24 घंटे सेवा देने के लिए यहां तीन शिफ्ट में 45-45 कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें 30 कॉल अटेंड करेंगे और 15 मैसेज डिलीवर करने के लिए होंगे।
भाषाओं का भी विकल्प
हर शिफ्ट के इंचार्ज डीएसपी रैंक के अफसर होंगे, जिनकी मदद दो सब इंस्पेक्टर करेंगे। इसके अलावा शहर में टीम भी तैनात रहेगी। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी इनसे जुड़ी रहेंगी।
अधिकारियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग भाषा और बोली है। इसका भी ध्यान रखते हुए गोंडी, हल्बी, छत्तीसगढ़ी के अलावा मराठी, तेलुगु, गुजराती जानने वाले भी इसमें तैनात रहेंगे। इन भाषा और बोलियों के जानने वालों की भर्ती की जा रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
