राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चंपत के ड्राइवर टिन्नू यादव समेत 8 गिरफ्तार, 79.80 लाख बरामद
अयोध्या, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव को भी मंदिर की व्यवस्था से बाहर कर दिया गया है। चंपत के पास पूरे मंदिर की जिम्मेदारी थी। राय के बाद ट्रस्टी अनिल और गोपाल राव की मंदिर व्यवस्था में बड़ी भूमिका थी। एक हफ्ते पहले सीएम योगी अयोध्या दौरे पर गए थे। उस वक्त चंपत को उनके दौरे से दूर रखा गया था, तभी से यह सुगबुगाहट थी कि उन्हें हटाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अब ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाएगा।
ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली एफआईआर
चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार देर शाम ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसमें चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत अन्य बड़े पदाधिकारियों के नाम नहीं हैं। इसके बाद गुरुवार देर रात रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को सभी 8 आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है।
एसआईटी ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी
चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को एसआईटी बनाई। एसआईटी ने 23 जून को एसीएस (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। इसके 2 दिन बाद कार्रवाई हुई और मंदिर से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें टिन्नू, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। अनुकल्प लवकुश का जीजा है। ये दोनों अनिल मिश्रा के रिश्तेदार हैं। वहीं, मनीष टिन्नू यादव का भतीजा है।
मंदिर दान चोरी मामले में 79.80 लाख जब्त
अयोध्या पुलिस ने राम मंदिर दान की चोरी और हेराफेरी के मामले में 79.80 लाख बरामद किए हैं। अभियोजन अधिकारी एके वर्मा ने बताया कि यह रकम उन 8 गिरफ्तार आरोपियों में से सात के पास से अलग-अलग मात्रा में जब्त की गई कथित चोरी की रकम का हिस्सा है। वर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने सभी 8 लोगों को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। उन्हें तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए सोमवार को फिर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट में पेश किया जाएगा। वर्मा ने बताया कि 79.80 लाख अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के पास से बरामद किए गए। 8वें आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पास से कोई नकदी या कीमती सामान बरामद नहीं हुआ। फंड की कथित हेराफेरी और गिरफ्तार लोगों के साथ अपराध में शामिल होने के आरोप में पांच-छह बैंक कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं। वर्मा ने कहा कि उनकी भूमिका और संलिप्तता की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए लोग श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा नियुक्त किए गए थे और उन्हें नकदी और कीमती सामान के रूप में मिले दान की गिनती या रखरखाव का काम सौंपा गया था। पुलिस जांच का नेतृत्व अयोध्या के सर्कल ऑफिसर आशुतोष तिवारी करेंगे, जो कथित चोरी और हेराफेरी के बड़े दायरे की जांच करेंगे और अगर कोई नकदी या कीमती सामान सामने आता है तो उसकी बरामदगी करेंगे।
राउत ने पूछा-उद्धव की ईंट कहां गई, केजरीवाल बोले-महापाप हुआ
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को एक्स पर पूछा, 'राम मंदिर के लिए उद्धव की दान की हुई 4 किलो चांदी की कहां गई? अब जवाबदेही तय करने का समय आ गया है।Ó दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन किए। कहा- जिन्होंने महापाप किया, उन्हें कड़ी सजा मिले। एफआईआर दिखावा है। बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। सनातन के मूल्यों को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी।
bhavtarini.com@gmail.com 