कार को एक्सयूवी ने टक्कर मारी, दो महिला प्रोफेसरों की मौत, एक गंभीर
इंदौर
निपानिया बायपास इलाके में गुरुवार शाम सड़क हादसे में दो महिला प्राध्यापकों की मौत हो गई। गंभीर हालत में एक महिला प्राध्यापक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सामने से गलत दिशा में आ रही टेस्ट ड्राइव एक्सयूवी कार और प्राध्यापकों की स्विफ्ट डिजायर कार में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। टक्कर से प्राध्यापकों की कार अनियंत्रित हो कर पलट गई।
एक गुलाटी खाने के बाद कार सीधी खड़ी हो गई। तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने दो महिला शिक्षकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे का इलाज चल रहा है। घटना के बाद टेस्ट ड्राइव कार में सवार चालक और एक अन्य मौके से गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब 6 बजे बायपास पर होली क्रॉस स्कूल के सामने हुई है। टीआई संतोष दुधी ने बताया कि दुर्घटना में विनिता (32) पति रोहित तिवारी निवासी साउथ तुकोगंज और स्वाति (24) पिता डॉ. विवेक योनानी निवासी बाबजी नगर, गुलाबबाग कॉलोनी (विजय नगर) की मौत हो गई। कार सवार रुचि (26) पिता नारायण पांडे निवासी एलआईजी घायल है।
टीआई के अनुसार कार स्वाति की थी। तीनों उसी की गाड़ी से कॉलेज से शाम करीब 5 बजे घर जाने के लिए निकली थीं। स्कूल के सामने गलत दिशा से आ रही कार से टक्कर हो गई। इसके बाद कार चला रही महिला ने खुद को बचाने के लिए गाड़ी का स्टेयरिंग मोड़ दिया। इससेकार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के नीचे गड्ढे में उतर कर पलट गई। गुलाटी खाने के बाद कार पलट कर सीधी हो गई थी।
कार में सवार तीनों महिलाएं गंभीर घायल हो गई थीं। सूचना पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस के जरिए विनिता और स्वाति को बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया गया जबकि रुचि को घायल हालत में एमवाय पहुंचाया गया। बॉम्बे अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद रुचि को भी बॉम्बे अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना पर तीनों के परिजन और परिचित अस्पताल आ गए थे।
एक्रोपॉलिस कॉलेज में कार्यरत
पुलिस के अनुसार विनिता, स्वाति और रुचि तीनों एक्रोपॉलिस कॉलेज में पढ़ाती थीं। तीनों कॉलेज के करियर डेवलपमेंट सेल में प्रशिक्षक थीं। विनिता अपने पति और पांच साल की बेटी के साथ रहती थी। उसके पति की सॉफ्टवेयर कंपनी है। उसके ससुराल वाले अलग रहते हैं।
स्वाति के पति एमवाय अस्पताल में डॉक्टर हैं। वे रेडियोलॉजी विभाग में पदस्थ हैं। दोनों ने वर्ष 2013 में शादी की थी। वहीं रुचि मूलत: अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) की रहने वाली है। वह एलआईजी स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। उसकी शादी नहीं हुई है। उसके पिता कोल माइंस में सुपरवाइजर हैं। घटना की सूचना पर उसके पिता इंदौर के लिए निकल गए हैं। शुक्रवार सुबह तक वे अस्पताल पहुंच जाएंगे।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला चालक भागा
पुलिस के अनुसार टक्कर मारने वाली कार महिंद्रा शोरूम की है। कार का उपयोग टेस्ट ड्राइव के लिए किया जाता है। घटना के समय कार में चालक सहित दो लोग सवार थे। टक्कर लगने के बाद चालक सीट पर लगा एयरबैग खुल गया था जबकि चालक की पड़ोस वाली सीट का एयरबैग नहीं खुल पाया था, लेकिन सीट बेल्ट लगी होने से उक्त सीट पर बैठे व्यक्ति का सिर सामने कांच से टकराने के बावजूद ज्यादा चोट नहीं आई है।
दुर्घटना के बाद दोनों गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। घटना स्थल पर मौके पर छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। घटना के बाद कार शोरूम के मैनेजर चालक को लेकर थाने पहुंच गए थे
bhavtarini.com@gmail.com 