कोटा में एक और छात्र ने की आत्महत्या, 3 दिनों में तीसरा केस, जनवरी से अब तक 19 छात्रों ने किया सूइसाइड
कोटा
राजस्थान के कोटा में आईआईटी-जेईई की तैयारी कर रहे जितेश गुप्ता नाम के एक छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला। उसने पंखे की मदद से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बीते तीन दिनों के अंदर यहां कोचिंग संस्थानों में तैयारी कर रहे छात्र के आत्महत्या करने का यह तीसरा मामला है। वहीं जनवरी से लेकर अब तक यहां 19 छात्र आत्महत्या कर चुके हैं।
17 वर्षीय जितेश गुप्ता बिहार के सिवान जिले में हरदोबारा का रहने वाला था। उसने तीन साल पहले 12वीं पास की थी और आईआईटी की तैयारी करने के लिए कोटा आ गया था। वह यहां के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में तीन साल से आईआईटी-जेईई की तैयारी कर रहा था।
पंखे से लटक रही थी लाश
पुलिस ने बताया कि जितेश ने मंगलवार को अपने माता-पिता से बात नहीं की थी। उन लोगों ने उसे सुबह से कई बार फोन किया लेकिन उसका फोन नहीं उठा। उन लोगों ने जितेश के दोस्त को फोन किया और उसके बारे में पूछा। जितेश के दोस्त ने भी कोई जानकारी होने से इनकार किया और उसके हॉस्टल पहुंचा। यहां हॉस्टल में उसका कमरा बंद था। काफी प्रयास के बाद जब अंदर झांका गया तो उसकी लाश पंखे से लटक रही थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जितेश की लाश कब्जे में ली। पुलिस ने बताया कि कमरे से उन्हें कोई भी सूइसाइड नोट नहीं मिला है। जितेश की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए महाराव भीम सिंह हॉस्पिटल भेजा गया है। बुधवार को जितेश के माता-पिता के पहुंचने के बाद उसका शव उन्हें सौंपा जाएगा।
रविवार को एनईईटी अभ्यर्थी 17 वर्षीय दीक्षा सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रहने वाली थी। उससे एक दिन पहले आईआईटी की तैयारी कर रहे 16 साल के अभ्यर्थी दीपक दधीच का शव कमरे में लटकता मिला था। वह बूंदी जिले का रहने वाला था।
bhavtarini.com@gmail.com
