देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर पर कदमखंडी, जतीपुरा में संत गोविंद स्वामी की बैठक पर भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन

देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर पर कदमखंडी, जतीपुरा में संत गोविंद स्वामी की बैठक पर भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन

जयपुर। राजस्थान की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीत परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर पर कदमखंडी, जतीपुरा में अष्टछाप के महान संत-कवि एवं संगीतज्ञ अष्टसखा गोविंद स्वामी की बैठक पर भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। ‘कृष्ण सखा गोविंद स्वामी जी – रसिक अनन्यनि को पथ बाँको’ शीर्षक से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अष्टछाप के महान कवियों के पदों का शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में भावपूर्ण गायन किया गया। विशेष रूप से अष्टसखा गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों की संगीतमय प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं संगीतप्रेमियों को भावविभोर कर दिया।

अष्टसखा गोविंद स्वामी राजस्थान की सांस्कृतिक, कृष्ण भक्ति एवं ब्रज परंपरा के महान संवाहक संत-कवि एवं संगीतज्ञ थे। उनका जन्म राजस्थान के भरतपुर जिले के अटारी गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी विलक्षण काव्य प्रतिभा और संगीत साधना के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राधा के भाई श्रीदामा का अवतार माना जाता है । ब्रजभाषा में उनके द्वारा रचित 600 से अधिक पद उनकी आध्यात्मिक अनुभूति, काव्य प्रतिभा और संगीत साधना के परिचायक हैं। उनकी रचनाओं में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, मधुर भावों, स्वरूप सौंदर्य और दिव्य लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण चित्रण मिलता है। गोवर्धन की पावन भूमि पर स्थित उनकी बैठक आज भी उनकी साधना और भक्ति परंपरा की स्मृति को संजोए हुए है।

अष्टछाप की परंपरा भारतीय भक्ति साहित्य, संगीत और कृष्णभक्ति की अत्यंत समृद्ध विरासत है। इस परंपरा के आठ महान कवि-संगीतज्ञों को अष्टछाप कहा जाता है। वैष्णव मान्यता के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के अंतरंग सखाओं की भांति कलियुग में श्रीनाथजी की सेवा और लीला-स्मरण के लिए इन महान भक्तों का प्राकट्य हुआ। गोवर्धन पर्वत पर श्रीनाथजी के प्राकट्य और उनकी सेवा-पूजा की परंपरा के साथ इन कवियों ने अपने पदों, कीर्तनों और संगीत के माध्यम से कृष्णभक्ति को जन-जन तक पहुंचाया।

महाप्रभु वल्लभाचार्य एवं गोस्वामी विट्ठलनाथ जी ने इन आठ महान कवियों को श्रीनाथजी की अष्टयाम सेवा से जोड़ा। इनमें सूरदास, कुंभनदास, परमानंददास, कृष्णदास, गोविंद स्वामी, नंददास, चतुर्भुजदास एवं छीतस्वामी सम्मिलित हैं। इनकी रचनाओं ने हिंदी साहित्य के भक्तिकाल को समृद्ध करने के साथ भारतीय संगीत और पुष्टिमार्गीय कीर्तन परंपरा को भी विशिष्ट पहचान प्रदान की।

इन महान कवियों ने श्रीनाथजी की सेवा करते हुए अपनी काव्य प्रतिभा, संगीत साधना और अनन्य भक्ति से एक ऐसा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण किया, जिसकी गूंज आज भी ब्रजभूमि में सुनाई देती है। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थित इनकी बैठकें इस गौरवशाली परंपरा की जीवंत स्मृतियां हैं।

कार्यक्रम का आयोजन ब्रज संस्कृति संगीत समिति, वृंदावन के तत्वावधान में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के सहयोग से शास्त्रीय संगीतज्ञ ब्रज रसिक मधुकरजी के संयोजन में किया गया। उल्लेखनीय है कि अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान अष्टछाप के कवियों, उनके साहित्य, संगीत और आध्यात्मिक योगदान पर शोध एवं अनुसंधान के कार्य में सक्रिय है।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों का पारंपरिक शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में सस्वर गायन किया गया। हवेली संगीत, शास्त्रीय गायन एवं कथक की सांगीतिक और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से अष्टछाप की परंपरा को अभिव्यक्ति दी गई। पूरी संगीत मंडली ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से गोविंद स्वामी की भक्ति, काव्य और संगीत साधना को जीवंत कर दिया। उपस्थित श्रद्धालु पदगायन के दौरान कृष्णभक्ति के भाव में सराबोर दिखाई दिए।

इस अवसर पर देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर के पुजारी नंदलाल शर्मा ने आयोजन के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कदमखंडी स्थित गोविंद स्वामी की बैठक में इस प्रकार का विशिष्ट संगीत आयोजन पहली बार हुआ है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ब्रज की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी इस अद्भुत आयोजन के लिए शुभकामना संदेश प्रेषित किया गया । कार्यक्रम में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के संस्थापक एवं संरक्षक, प्रख्यात भागवताचार्य पंडित योगेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के मंगलकामना संदेश के साथ उनकी टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर अष्टसखा गोविंद स्वामी की वंश परम्परा के कीर्तनकार डॉ भगवान मकरंद (कामवन), जयपुर से वरिष्ठ साहित्यकार रामानंद राठी, डॉ. योगेश कुमार शर्मा, सुशांति फाउंडेशन की संस्थापक राधे राधे पुष्पाजी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे । इनके अतिरिक्त अष्टछाप साहित्य, ब्रज संस्कृति और कृष्णभक्ति में रुचि रखने वाले सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश के कृष्णभक्त इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सके।

इस अवसर पर अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान द्वारा प्रकाशित एवं डॉ गोवर्धन लाल शर्मा द्वारा सम्पादित एक सुंदर रंगीन लघु पुस्तिका ‘अष्टछाप : श्रीकृष्ण के अष्टसखा’ का भी विमोचन हुआ, जिसे सभी श्रद्धालुओं को निशुल्क वितरित किया गया । इस पुस्तिका में अष्टछाप के आठों महान कवियों के जीवन, भक्ति, साहित्यिक योगदान और श्रीनाथजी की सेवा परंपरा का परिचय प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अष्टसखाओं की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना तथा इस परंपरा के प्रति अध्ययन एवं जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक अन्नकूट प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकड़ों संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में भक्ति, गीत-संगीत, नृत्य, साहित्य और सेवा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

आयोजकों ने कहा कि राजस्थान और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत का संबंध अत्यंत प्राचीन एवं आत्मीय है। भरतपुर की धरती पर जन्मे अष्टसखा गोविंद स्वामी ने ब्रजभूमि को अपनी साधना स्थली बनाकर श्रीकृष्ण भक्ति, ब्रजभाषा साहित्य और संगीत की ऐसी अमूल्य विरासत प्रदान की, जो आज भी भारतीय भक्ति परंपरा को समृद्ध कर रही है। उनकी बैठक जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर संगीत, साहित्य एवं शोध आधारित आयोजन करना केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि अपनी आध्यात्मिक जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

देवस्थान विभाग राजस्थान के वनबिहारी मंदिर, कदमखंडी, जतीपुरा गोवर्धन में आयोजित यह संगीत महोत्सव इसी दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ। शास्त्रीय संगीत के स्वरों में जब अष्टसखा गोविंद स्वामी के पद गूंजे तो मानो ब्रज की प्राचीन भक्ति परंपरा पुनः सजीव हो उठी।