गाजियाबाद: 62 फीसदी मरीजों ने दी कोरोना को मात, अब 64 एक्टिव केस

गाजियाबाद: 62 फीसदी मरीजों ने दी कोरोना को मात, अब 64 एक्टिव केस

 
गाजियाबाद 

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 60 फीसदी के पार जा चुकी है. गाजियाबाद में कोरोना को लेकर शुरू से गंभीरता दिखाई जा रही है. अभी तक गाजियाबाद में कोरोना के 172 केस सामने आ चुके हैं, लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं, जो कोरोना का शिकार होने के बाद उससे जंग जीत कर ठीक हुए हैं.

कोरोना वायरस के संक्रमण से गाजियाबाद के लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से शुरू में गाजियाबाद में सबसे पहले विदेशों से आए लोगों को चिन्हित किया गया. इसमें विदेशों से शुरुआती दौर में आए कुल 2502 लोगों को होम क्वारनटीन किया गया. इसका परिणाम यह रहा कि इन 2502 लोगों में मात्र 2 केस पॉजिटिव पाए गए. बाकी सभी लोग होम क्वारनटीन में ही ठीक हुए. सभी की सैंपलिंग कराई गई थी. अभी तक गाजियाबाद में 172 कोरोना पॉजिटिव लोग हैं, जिनमें से 106 लोगों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है. अब यहां 64 एक्टिव केस हैं. 

चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, उपचार के बाद सही होने वाले लोगों का पॉजिटिव केसों के मुकाबले सही होने का प्रतिशत 62.64 है. यानी लगभग 62 फीसदी लोग सही होकर घर जा चुके हैं और बाकी के ज्यादातर लोग एसिंप्टोमेटिक हैं. यानी उनके भी जल्द ठीक होने की संभावना है. गाजियाबाद में अभी तक कोरोना से दो लोगों की मौत हो चुकी है.
 

जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने गाजियाबाद के लोगों से अपील की है कि शहर में कोरोना केस की संख्या अगर बढ़ रही है तो इससे घबराने की जरूरत नहीं. लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें. गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी प्रशासन के लिए सबसे बड़ी समस्या है, जिसमें लगभग 6 लाख की आबादी है और 17 पॉजिटिव केस अभी तक सामने आए हैं. एक मरीज की मौत भी हो चुकी है. गाजियाबाद प्रशासन ने पूरी खोड़ा कॉलोनी को सील कर दिया है और सभी एहतियात भी बरते जा रहे हैं.