जनसुनवाई कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने 152 आवेदन पत्र प्रस्तुत किये
छिन्दवाड़ा
प्रति मंगलवार होने वाली जनसुनवाई के तारतम्य में आज अपर कलेक्टर श्री रोहित सिंह को जिले से आये शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 200 लोगों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये 152 आवेदन प्रस्तुत किये। आज जनसुनवाई में मुख्य रूप से गरीबी रेखा में नाम जोडने, सीमांकन करने, लड़ाई-झगड़ा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, अतिक्रमण हटाने, आवासीय भूमि का पट्टा प्रदाय करने, अवैध अतिक्रमण हटाकर रास्ता खुलवाने, डूब क्षेत्र का मुआवजा दिलाने, तहसील परिसर अमरवाड़ा में अस्थायी टीन शेड लगाने की अनुमति देने, पैतृक भूमि पर जबरदस्ती कब्जा को रोकने आदि के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये गये।
जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम रोहनाखुर्द और गंगई के ग्रामवासियों ने दोनों ग्रामों के मध्य तालाब का निर्माण कराने, छिन्दवाड़ा के श्री शेख असगर ने चिटफंड कंपनी सांई प्रसाद से रूपये दिलाने, ग्राम झिलमिली के ग्रामवासियों ने वार्ड क्रमांक-13 में सड़क और नाली बनाने, छिन्दवाड़ा के श्री राजू विश्वकर्मा ने श्रमिक कार्ड के आधार पर चिकित्सा सहायता देने, ग्राम झिरिया के श्री शेख जाहिद ने किराया अनुबंध निरस्त कर वाहन वापस सौंपने, ग्राम सोनाखार के श्री मोहन सोनी ने बिजली करेंट से पत्नी की मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता राशि देने, छिन्दवाड़ा के श्री जितेन्द्र विश्वकर्मा ने बैंक से लोन की राशि दिलाने आदि से संबंधित आवेदन पत्र आज जनसुनवाई के दौरान दिये। कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्परता के साथ समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करें। इस दौरान एस.डी.एम. श्री राजेश शाही सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
