जीआरपी का दफ्तर दो दिन के लिए सील, पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा कोरोना
लखनऊ
एडीजी के स्टाफ अफसर के सरकारी ड्राइवर के कोरोना संक्रमित होने पर पुलिस मुख्यालय में स्थित जीआरपी मुख्यालय को दो दिन के लिये बंद कर दिया गया है। साथ ही यहां के कर्मचारियों को सात दिन बाद यानी अगले सोमवार को आने के लिये कहा गया है। जीआरपी में अब तक 32 जवान कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
एडीजी रेलवे संजय सिंघल के स्टाफ अफसर रफीक अहमद और उनके सहयोगी कर्मचारियों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। जबकि ड्राइवर को इलाज के लिये भर्ती करा दिया गया है। हालांकि विभाग के एक अफसर ने कहा कि कोरोना से संक्रमित ड्राइवर पिछले चार दिनों से कार्यालय नहीं आ रहा था, लेकिन एहतियात के तौर पर कार्यालय बंद किया जा रहा है। इस दौरान कार्यालय का सेनेटाइजेशन कराया जाएगा। जीआरपी मुख्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक जरूरत पड़ने पर अधिकारियों व कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। साफ-सफाई व सेनेटाइजेशन के बाद मुख्यालय में स्थित एडीजी रेलवे के कार्यालय और कंट्रोल रूम को सबसे पहले खोला जाएगा।
पहले चेत जाते तो स्थिति न बिगड़ती
लखनऊ। जीआरपी के कई जवानों के संक्रमित मिलने के बाद साथियों ने फिर नाराजगी जाहिर की है। इनका कहना है कि पहले ही कई लोगों को क्वारंटीन किया जाना था। पर, तब किसी ने सुध नहीं ली। जब दो जवान पहले कोरोना संक्रमित निकले थे, तभी क्वारंटीन करने में ढुलमुल रवैया अपनाया गया था। इस बारे में जब बड़े अफसरों को पता चला था तो उन्होंने पूछताछ शुरू की थी। इसके बाद ही दो दिन पहले पांच और लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया था। जवानों का कहना है कि शुरु में ही अगर सम्पर्क में रहे सभी जवानों को क्वारंटीन कर दिया गया होता तो इतने लोग कोरोना संक्रमित न मिलते।
bhavtarini.com@gmail.com 