टायर फटने से 5 बार पलटकर घर से टकरा गई बोलेरो, 2 की दर्दनाक मौत, 6 की हालत गंभीर

अंबिकापुर
कोरबा जिले के मोरगा से बोलेरो में सवार होकर रविवार की सुबह 8 लोग उदयपुर के एक गांव में आ रहे थे। वे बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर ग्राम शिवनगर के पास पहुंचे ही थे कि बोलेरो का टायर फट गया और वह अनियंत्रित हो गई और 5 बार पलटकर सड़क किनारे एक घर से टकरा गई।

हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एक निजी कंपनी के एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

कोरबा जिले के ग्राम मोरगा से रविवार की सुबह बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 15 सीडब्ल्यू- 7200 में सवार होकर 8 लोग सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक स्थित ग्राम बसवार आ रहे थे। बोलेरो में मोरगा निवासी विकेश अग्रवाल पिता सत्यपाल अग्रवाल तथा मोरगा चौकी अंतर्गत ग्राम खिरटी निवासी भीमसेंट उरांव पिता केंदा समेत अन्य सवार थे।

बोलेरो 6.30 बजे बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर तारा चौकी अंतर्गत ग्राम शिवनगर के पास पहुंची ही थी कि उसका पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से बोलेरो अनियंत्रित हो गई और 5 बार पलटते हुए सड़क किनारे एक घर से टकरा गई। हादसे में वाहन में सवार विकेश अग्रवाल व भीमसेंट उरांव की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों व पुलिस जवानों ने भिजवाया अस्पताल
हादसे की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर तारा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बोलेरो के भीतर से निकाला गया।

इसके बाद उन्हें अदानी कंपनी के एंबुलेंस से इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल में भेजा गया। यहां सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।