देशभर में भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में कल बारिश, धूल भरी आंधी आने की संभावना

देशभर में भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में कल बारिश, धूल भरी आंधी आने की संभावना

 नई दिल्ली।
 
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जिससे चिलचिलाती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। साथ ही मौसमविज्ञानियों ने दिन में बारिश होने, गरज के साथ छींटे पड़ने या धूल भरी आंधी आने का अनुमान व्यक्त किया है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है।

शहर में पिछले कुछ हफ्तों से जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है और बुधवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 44.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसमविज्ञनियों ने आंशिक रूप से बादल छाये रहने और बारिश होने, गरज के साथ छीटें पड़ने या धूल भरी आंधी आने का अनुमान व्यक्त किया है। सुबह आर्द्रता 50 प्रतिशत दर्ज की गयी। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
 
यूपी में अगले दो दिनों तक बारिश की नहीं संभावना

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी फिलहाल एक-दो दिन तक बारिश होने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उप्र में कुछ बूंदा-बांदी के आसार हैं। लेकिन अभी पूर्णतया बारिश पूरे प्रदेश में कहीं नहीं होगी। बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम काफी गर्म रहने का अनुमान जताया जा रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान झांसी का 47.0 डिग्री, बांदा का 47.2 डिग्री, आगरा का 45.5 डिग्री, इलाहाबाद का 44.7 डिग्री और उरई का 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
बिहार में आंशिक बदली, बारिश के आसार नहीं

बिहार की राजधानी पटना तथा आसपास के हिस्सों में गुरुवार को सुबह आंशिक बादल छाए हुए हैं परंतु मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने एक-दो दिनों तक बारिश की संभावना से इंकार किया है। पटना का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में बताया है कि राजधानी पटना में अभी एक-दो दिनों तक बारिश की उम्मीद नहीं है। हालांकि उत्तर प्रदेश और झारखंड की सीमा वाले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। बिहार के अन्य शहरों में, गुरुवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस, गया का 28.2 डिग्री तथा पूर्णिया का 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। पटना का बुधवार को न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।