बीजेपी प्रत्याशी की पार्टी का नाम लिख दिया भारतीय जनता कांग्रेस, कलेक्टर ने कहा कि बैलेट पेपर में गड़बड़ी नहीं

बीजेपी प्रत्याशी की पार्टी का नाम लिख दिया भारतीय जनता कांग्रेस, कलेक्टर ने कहा कि बैलेट पेपर में गड़बड़ी नहीं

अटेर
मतदान शुरू होने के 30 घंटे पहले भिंड जिले में अटेर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी के नाम के सामने पार्टी का गलत नाम लिखने का मामला सामने आया है। यहां से अरविन्द सिंह भदौरिया भाजपा उम्मीदवार हैं और उनके नाम के आगे पार्टी के नाम के स्थान पर भारतीय जनता कांग्रेस लिखा था।

 भाजपा प्रत्याशी ने इसकी शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर से की है। कलेक्टर ने कहा है कि यह गलती मतपत्र में नहीं है। मतदान केंद्र के बाहर चस्पा होने वाले प्रपत्र में प्रिंटिंग मिस्टेक के कारण ऐसा हुआ था जिसे समय रहते सुधार लिया गया है। 

जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा तैयार कराए गए प्रत्याशियों के प्रपत्र में अटेर विधानसभा सीट के प्रत्याशियों के नामों में सबसे ऊपर अरविन्द सिंह भदौरिया का नाम है। उनका नाम और चुनाव चिन्ह तो सही है पर पार्टी के स्थान पर भाजपा की बजाय भारतीय जनता कांग्रेस लिखा है। 

इसकी जानकारी सामने आने के बाद अफसरों में हड़कम्प मच गया। इस बीच भाजपा प्रत्याशी ने भी इसकी शिकायत की जिसकी जांच के बाद उसे सुधारा गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनराजू एस. ने कहा कि यह गलती बैलेट पेपर पर नहीं है।

 मतदान केंद्र के बाहर लगाए जाने वाले प्रपत्र में हुई इस गलती को ठीक किया गया है। इस मामले में जिम्मेदार अफसरों पर कार्यवाही तय होगी। उन्होंने कहा कि ये प्रपत्र मतदान केंद्रों में भेजे भी नहीं गए थे। समय से गलती पकड़ी गई जिसे ठीक कर लिया गया है।