भर्ती दौड़ में अभ्‍यर्थी की मौत का मामला: पोस्टमार्टम में नहीं आई मौत की साफ वजह, गुत्थी सुलझाएगी बिसरा जांच

भर्ती दौड़ में अभ्‍यर्थी की मौत का मामला: पोस्टमार्टम में नहीं आई मौत की साफ वजह, गुत्थी सुलझाएगी बिसरा जांच

 गोरखपुर 
जेल वार्डर की परीक्षा पास करने के लिए दौड़ के दौरान अपनी जान गंवा चुके पीपीगंज के गणेश की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौत की गुत्थी को सुलझाने के लिए बिसरा सुरक्षित किया है। अब बिसरा जांच से ही पता चल पाएगा कि असल में उसकी मौत क्यों हुई थी।

जेल वार्डर, घुड़सवार पुलिस और फायर सिपाही की भर्ती के लिए 22 मार्च से 26वीं वाहिनी पीएसी में दौड़ की परीक्षा शुरू हुई है। दौड़ परीक्षा के पहले दिन पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर बलुअहवा निवासी गणेश की मैदान पर ही गश खाकर गिर गया था। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले आया गया जहां उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने बताया था कि अस्पताल आने से पहले ही गणेश की मौत हो चुकी है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आएगी। मंगलवार को गणेश के शव का पोस्टमार्टम हुआ लेकिन डॉक्टर ने साफ वजह सामने न आने पर जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर दिया है। अब बिसरा जांच के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।

दूसरे दिन 458 अभ्यर्थियों ने लगाई दौड़ की परीक्षा
परीक्षा के दूसरे दिन 458 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए हालांकि 500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। 42 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। मैदान में किसी भी तरह की दिक्कत से निपटने के लिए पानी सहित अन्य जरूरी सामन रखे गए थे। वहीं पुलिस की तरफ से सीओ, प्रशासन की तरफ से एसडीएम की ड्यूटी लगाई गई थी वहीं डॉक्टरों की टीम भी एंबुलेंस के साथ मौजूद थी।