राजस्थान विधानसभा चुनाव: कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, किसान, युवाओं और महिलाओं पर फोकस

जयपुर
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। इस चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने किसान, युवाओं और महिलाओं पर फोकस किया है। एक तरफ जहां सत्ता में आने पर किसानों के लिए कर्जमाफी की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया है। युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता और रोजगार के लिए कम दर पर ऋण का भी वादा है।
प्रदेश अध्य सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष हरीश चौधरी की मौजूदगी में यह घोषणा पत्र जारी किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राज्य में सरकार बनने पर किसानों का कर्ज दस दिन में माफ करने की बड़ी घोषणा पहले ही कर चुके हैं। घोषणा पत्र में भी इस पर फोकस दिखा। किसानों की कर्जमाफी को कांग्रेस ने सबसे बड़ा मुद्दा बनाया है।
घोषणा पत्र में किसानों के लिए कांग्रेस ने कई वादे किए हैं। कर्जमाफी के साथ-साथ कृषि उपकरणों को जीएसटी से बाहर रखने का फैसला किया गया है। इसके अलावा बुजुर्ग किसानों को पेंशन की सुविधा का भी वादा किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वसुंधरा राजे सरकार में घोषणा पत्र में किए किसी वादे को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार आई तो सभी वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने 5 लाख रोजगार का दावा किया था लेकिन नौकरियां नहीं मिलीं। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना हमारी प्राथमिकता होगी।
बता दें कि राजस्थान में 200 सीटों के लिए सात दिसंबर को मतदान होना है। इसके लिए सत्तारूढ़ बीजेपी ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया था। बीजेपी का घोषणा पत्र भी किसानों और युवाओं पर फोकस रहा।