शराब पीने के बाद अधिकारी बनाते हैं कुकर्म कराने का दबाव: होमगार्ड का आरोप
शाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में होमगार्ड ने अपने ही अधिकारी पर प्रताड़ित करने का आरोपी लगाया है। इतना ही नहीं, अधिकारी शराब पीने के बाद उसे कुकर्म कराने का दबाव भी बनाते हैं। पीड़ित ने डीजी होमगार्ड को शिकायती पत्र लिखा है। प्रार्थना पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना सामने आई। फिलहाल डिविजनल कमांडेंट ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले एक होमगार्ड ने डीजी कमांडेंट को प्रार्थना पत्र भेजा था जिसमें उसने बताया कि उसके साथ पिछले कई साल से अत्याचार किया जा रहा है। पीड़ित होमगार्ड चिनौर स्थित जिला कमांडेंट कार्यालय में तैनात है। पीड़ित ने बताया कि एक अधिकारी जबरदस्ती अपने कार्यालय में उसकी ड्यूटी लगाते हैं। अधिकारी उससे अश्लील गालियां देने के साथ जबरन खाना बनवाते हैं और तेल मालिश भी करवाते हैं। पीड़ित ने बताया कि जब-जब उसने इसका विरोध किया तो अधिकारी ने उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी।
होमगार्ड ने प्रार्थना पत्र में एक बाबू पर हर महीने एक हजार रुपये वसूलने और फर्जी रूप से आवास के रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है। साथ ही कई होमगार्ड की उम्र बढ़ाकर फर्जी दस्तावेज बनाकर ड्यूटी पर रखने का अभी आरोप है। पीड़ित होमगार्ड ने गोपनीय जांच कराने की मांग की है। पीड़ित होमगार्ड की ओर से भेजा गया शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वहीं, अधिकारी ने होमगार्ड के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वह 26 जून 2019 को शाहजहांपुर आए थे। आरोप लगाने वाला होमगार्ड तब भी कार्यालय में तैनात था। उन्होंने बताया कि बरेली के डिविजनल कमांडेंट इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
