सवर्णों के साथ आए बीजेपी के ये नेता, SC/ST एक्ट पर दिया ये बड़ा बयान

उज्जैन
मध्यप्रदेश में एससी-एसटी एक्ट में संशोधन को लेकर सवर्ण समाज जोरदार प्रदर्शन कर रहा है। सवर्ण समाज की मांग है कि सरकार एससी-एसटी एक्ट में संशोधन में बदलाव करे। अब इस मांग को बीजेपी के एक नेता का समर्थन मिलता नजर आ रहा है। उज्जैन संभाग के जन आशीर्वाद यात्रा प्रभारी अंबाराम कराडा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस कानून में संशोधन होना चाहिए। सरकार कानून बनाती हैं और उसमें संशोधन भी किया जाता है। तो इस काननू में भी बदलाव किया जाना चाहिए।

कराडा का बयान ऐसे समय में आया है जब बीजेपी के नेता इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक को सवर्ण समाज के लोगों ने काले झंडे दिखा कर अपना विरोध दर्ज कराया था। लेकिन इन सब के बाद भी किसी नेता ने एससी-एसटी मामले पर अपनी जुबान नहीं खोली। अब कराडा के बयान के बाद इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में साल के अंत में चुानव होने हैं। ऐसे में सरकार किसी भी वर्ग से नाराजगी मोल लेना नहीं चाहती। लेकिन एमपी में सवर्ण समाज ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उनकी नाराजगी सरकार की एससी एसटी एक्ट पर खामोशी है। समाज ने चुनाव में उस पार्टी या फिर उम्मीदवार को वोट देने का समर्थन किया है जो इस कानून के खिलाफ है। साथ ही इस कानून का विरोध कर रहे सभी संगठनों ने एक जुट होकर काला कानून विरोधी संगठन का गठन किया है। जो चुनाव से पहले प्रदेशभर में लोगों को इस कानून के खिलाफ एकजुट करने का काम करेगा।