सोनभद्र में एक और नगर पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, सड़क पर उतरे लोग

सोनभद्र में एक और नगर पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, सड़क पर उतरे लोग

 रेणुकूट 
सोनभद्र में एक और नगर पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार की देर रात रेनुकूट नगर  पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह को कार्यालय में घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें हिंडाल्को अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया। जहां बीएचयू ट्रामा सेंटर में उनकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाने में जुटे रहे। एडीजी ब्रजभूषण भी ट्रामा सेंटर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पिछले साल अक्टूबर में चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष इम्तियाज अहमद की सुबह 6 बजे के आसपास गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। उस समय इम्तियाज प्रीत नगर स्थित ग्राउंड पर वॉलीबाल खेलने के लिए जा रहे थे।
 
रेणुकूट के नगर पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह को सोमवार की रात अज्ञात नकाबपोशों ने गोली मार दी थी। उस वक्त शिव प्रताप सिंह रेणुकूट में अपने कार्यालय में बैठे थे। करीब साढ़े दस बजे 5 से 6 की संख्या में कुछ नकाबपोश उनके कार्यालय पर पहुंचे। उन्हें हेलो कहा। जब तक वह कुछ समझ पाते उनमें से एक बदमाश ने असलहा निकाल कर उन पर फायर कर दिया। बताते हैं कि शिव प्रताप सिंह के सीने में दो गोली लगी। गोली मारने के बाद बदमाश वहां से असलहा लहराते हुए फरार हो गए। उन्हें तत्काल हिंडाल्को अस्पताल लाया गया। गोली मारने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक पहुंच गए। हालात गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। रात करीब ढाई बजे बीएचयू ट्रामा सेंटर में उनकी मौत हो गई।