अपराध की घटनाएं पर अंकुश लगाने राज्य के सभी जिलों की जेलों में छापेमारी की

अपराध की घटनाएं पर अंकुश लगाने राज्य के सभी जिलों की जेलों में छापेमारी की

पटना 
बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध की घटनाएं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को राज्य के सभी जिलों की जेलों में छापेमारी की है। इस छापेमारी में कुछ जेलों से कई आपत्तिजनक सामान बरामद होने की खबर है। भोजपुर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, जहानाबाद, बक्सर समेत कई जेलों में अभी भी छापेमारी चल रही है। जानकारी के अनुसार भोजपुर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और एसपी हर किशोर राय के निर्देशन में बुधवार सुबह पांच बजे से सात बजे तक दो घंटे तक मंडल कारा, आरा में सघन छापेमारी चली। इस दौरान सभी वार्डों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन और चार्जर बरामद किया गया है।

वहीं सीतामढ़ी जिले के मंडल कारा में डीएम-एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान कारा के वार्ड से दो मोबाइल फोन मिला। इसके अलावा वार्ड की तलाशी में भी कई आपत्तिजनक सामग्री मिलने की सूचना है। करीब तीन घंटे तक चली छापेमारी के दौरान कई थानों की पुलिस भी शामिल थी। कारा में छापेमारी के दौरान हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। बेगूसराय के डीएम अरविंद कुमार वर्मा एवं एसपी अवकाश कुमार के नेतृत्व में मंडल कारा में घंटो तक छापेमारी चलता रहा। इस छापेमारी के बाद कई कैदियों में हड़कंप मच गई। इस अचानक जेल के अंदर छापेमारी में जेल पुलिस एवं कैदी सकते में रह गए। 
 
सीवान जिला जेल में बुधवार सुबह डीएम अमित कुमार पांडेय व एसपी अभिनव कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। सुबह 5 बजे से 6:30 तक चली इस छापेमारी अभियान में काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी भी शामिल रहे। जेल परिसर स्थित प्रत्येक वार्ड की सघन तलाशी ली गई। खासकर शौचालय व भोजनालय की भी तलाशी ली गई। जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान दो चाकू, दो बेल्ट, दो हुक व खैनी, एक इयरफोन व एक मोबाइल का चार्जिंग पिन लावारिस हालत में मिलने की बात बताई जा रही है। जेल प्रशासन की तरफ से स्थानीय थाने में मिले आपत्तिजनक वस्तुओं को लेकर लिखित शिकायत की गयी है। जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने भी इसकी पुष्टि की।