अमेरिका से इंदौर आएगी ऐसी मशीन जो 1 घंटे में देगी Corona जांच की रिपोर्ट

अमेरिका से इंदौर आएगी ऐसी मशीन जो 1 घंटे में देगी Corona जांच की रिपोर्ट

इंदौर
मध्य प्रदेश में तेजी से फैलते कोरोना (Corona) संक्रमण को देखते हुए अब सरकार स्वास्‍थ्य सेवाओं को बेहतर करने पर जोर दे रही है. फिलहाल सरकार और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी समस्या है कोरोना की जांच तेजी से होना और परिणाम भी जल्द आना. जिसको देखते हुए सीबी नेट मशीन 3 मई तक इंदौर पहुंच जाएगी. साथ ही अमेरिका से खास मशीन मंगवाई गई है जो 20 मई तक शहर पहुंच सकती है. इस मशीन की खासियत है कि ये ऑटोमैटिक है और एक घंटे के अंदर कोरोना टेस्ट के परिणाम दे देती है.

इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि शहर में संक्रमण फैलने का कारण कोरोना की रिपोर्ट आने में लेटलतीफी है. यही कारण है कि अब इंदौर को ऐसी मशीन की जरूरत है जो लोगों के सैंपल की तत्काल जांच कर नतीजे बता सके. इससे उनका इलाज भी समय पर शुरू हो सकेगा. इसलिए अब अमेरिका से एक ऐसी फुली ऑटोमैटिक मशीन मंगवाई जा रही है जो सिर्फ 1 घंटे में कोरोना के नतीजे बता देगी. उन्होंने बताया कि ये मशीन 20 मई तक इंदौर पहुंच जाएगी.

स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारियों की कमी ना हो इसके लिए एनआरएचएम के तहत सीधे भर्ती की जा सकेगी. इसके लिए मेडिकल कॉलेज डीन को अधिकृत किया गया है. साथ ही एक अहम फैसला घर पर ही आइसोलेशन में रखे गए या क्‍वैरेंटाइन किए गए लोगों के टेस्‍ट को लेकर किया गया. ऐसे लोग अब निजी लैब में अपने टेस्‍ट करवा सकेंगे.इंदौर में कोरोना की लड़ाई में केंद्र सरकार,राज्‍य सरकार और स्‍थानीय प्रशासन के बीच समन्‍वय का जिम्‍मा सांसद शंकर लालवानी के पास है. और सांसद ने स्‍पष्‍ट तौर पर कहा कि इस लड़ाई में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.