क्वारनटीन के बाद जेल भेजे गए 11 जमाती, 9 लोग हैं थाईलैंड के नागरिक
लखनऊ
कोरोना वायरस की महामारी तेजी से पांव पसार रही है. लॉकडाउन के बावजूद कोरोना पीड़ितों की बढ़ती रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है. देश में बढ़ती मरीजों की तादाद के बीच तबलीगी जमात के लोगों पर कार्रवाई जारी है. उत्तर प्रदेश में क्वारनटीन के बाद 11 जमातियों को जेल भेजा गया है,
जेल भेजे गए जमातियों में 9 थाईलैंड के हैं. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सभी 11 जमातियों को रिमांड पर लेकर अस्थाई जेल में रखा गया है. थाईलैंड के जमातियों के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया जाता है कि इन सभी को कोरोना के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने एक मदरसे से पकड़ा था.
इन सभी का कोरोना टेस्ट कराया गया था. टेस्ट में थाईलैंड के निवासी एक जमाती के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी. कोरोना पॉजिटिव पाए गए जमाती का उपचार हुआ. उपचार के बाद वह पूरी तरह से ठीक हो चुका है. वहीं अन्य जमातियों को क्वारनटीन सेंटर पर रखा गया था.
क्वारनटीन की अवधि पूरी हो जाने और पॉजिटिव पाए गए मरीज के पूरी तरह ठीक हो जाने के बाद सभी का मेडिकल कराया गया. इसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया. जिस अस्थाई जेल में जमातियों को रखा गया है, उसके बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है. गौरतलब है कि कई जगह जमात के लोगों पर स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी के आरोप भी लगे.
आरोप लगने के बाद प्रदेश की योगी सरकार ने ऐसा करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए थे. बता दें कि प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की तादाद 2000 के पार पहुंच चुकी है. देश में यह 33000 के पार पहुंच चुका है.
bhavtarini.com@gmail.com 