पांच आईएएस जाएंगे लंदन कैम्ब्रिज युनिवर्सिटी में सीखेंगे सफल नेतृत्व के गुर
भोपाल
मध्यप्रदेश के पांच आईएएस अफसर इसी माह दस सितंबर को लंदन जाएंगे। वहां वे कैम्ब्रिज युनिवर्सिटी में सफल नेतृत्व विकसित करने और सामरिक सोच का प्रशिक्षण लेंगे। इस दौरे में जाने वाले आईएएस उर्जा विभाग के प्रमुख सचिव आईसीपी केसरी को जाने की अनुमति नहीं मिल पाई इसलिए उनको अपना दौरा रद्द करना पड़ा है।
जो छह आईएएस लंदन में शैक्षणिक भ्रमण पर जा रहे है। उनमें मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल, गृह विभग के प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव, भोपाल संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत और उनकी पत्नी आयुक्त लोक शिक्षण जयश्री कियावत भी शामिल है। ये सभी साथ-साथ दस सितंबर को लंदन पहुंचेंगे। ये सभी वहां दस से चौदह सितंबर तक कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में वहां के विषय विशेषज्ञों से नेतृत्व क्षमता विकसित करने के गुर सीखेंगे। किस तरह से नेतृत्व किया जाए। नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए क्या किया जाना चाहिए।
नेतृत्व क्षमता विकसित कर उसका नीतियों के क्रियान्वयन, योजनाओं के क्रियान्वयन में किस तरह लाभ लिया जा सकता है यह उन्हें वहां सिखाया जाएगा। इसके अलावा सामरिक सोच पर किस तरह काम किया जाए। सामरिक सोच कैसे विकसित की जाए और सुशासन लाने में इसकी क्या भूमिका हो सकती है। इस बारे में इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। चौदह सितंबर के बाद चार दिन ये सभी अफसर लंदन शहर के खास स्थानों का भ्रमण भी करेंगे।