पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के आवास पर छापेमारी, पांच गिरफ्तार

पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के आवास पर छापेमारी, पांच गिरफ्तार

बलिया
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान सपा कार्यकर्ताओं की ओर से राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी को गाली देने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और सपा जिलाध्यक्ष रामंगल यादव समेत कई पर एफआईआर दर्ज किया है।

साथ ही रविवार रात आनंद चौधरी के गांव कपूरी और बलिया स्थित आवास आदि पर शहर कोतवाली और फेफना पुलिस ने छापेमारी की। मामले में पुलिस ने पांच लोगों को सपा कार्यालय से गिरफ्तार करने की पुष्टी की है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

बता दें कि गाली-गलौज का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज किया था। मंत्री उपेंद्र तिवारी के भतीजे अश्विनी की तहरीर पर पुलिस ने व निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, उनके पिता एवं पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, जिपं के पूर्व सदस्य अमित यादव, जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, राजेंद्र यादव, रमेश यादव, शिवपाल यादव, दिनेश यादव, प्रेम प्रकाश यादव, विकास कुमार ओझा समेत दस नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया था।

पुलिस ने रविवार को एक आरोपी के गिरफ्तार करने का भी दावा किया था। सोमवार को सपा कार्यालय से पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की पुष्टी की गई है। इसमें शैलेंद्र यादव पुत्र बृजेश यादव निवासी टेबरौली थाना बांसडीह, मनीष यादव पुत्र रामजी यादव निवासी टकरसन थाना बांसडीह रोड, टिंकल सिंह पुत्र स्व. रविन्द्र सिंह निवासी लिजयीपुर शहर कोतवाली, शिवपाल सिंह यादव पुत्र दीनानाथ यादव निवासी टकरसन थाना बांसडीह रोड, विकास कुमार ओझा पुत्र स्व. दिवाकर ओझा निवासी कपुरी थाना फेफना शामिल हैं।