'प्रणाम' में गैंगस्टर के लुक में दिखे राजीव खंडेलवाल

'प्रणाम' में गैंगस्टर के लुक में दिखे राजीव खंडेलवाल


बॉलिवुड ऐक्टर राजीव खंडेलवाल की फिल्म 'प्रणाम' का टीजर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म के निर्माता रजनीश राम पुरी हैं। फिल्म में राजीव एक ऐसे शख्स की भूमिका निभा रहे हैं जो बचपन से आईएएस ऑफिसर बनना चाहता है लेकिन उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है कि वह आईएएस की जगह गैंगस्टर बन जाता है।

फिल्म में अतुल कुलकर्णी, अभिमन्यु सिंह और विक्रम गोखले जैसे सितारे मुख्य भूमिका में हैं। इस टीजर में राजीव दमदार डायलॉग के साथ जबरदस्त ऐक्शन करते नजर आ रहे हैं। टीजर में अतुल कुलकर्णी और अभिमन्यु सिंह भी जबरदस्त डायलॉग बोलते दिख रहे हैं। फिल्म की पूरी शूटिंग लखनऊ में की गई है।


इससे पहले राजीव फिल्म 'आमिर' और 'टेबल नं 21' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। 'प्रणाम' के निर्माता अनिल सिंह, नितिन मिश्रा और रजनीश राम पुरी हैं। फिल्म का निर्देशन 'फरेब' और 'शूद्र द राइजिंग' जैसी फिल्में बना चुके संजीव जायसवाल ने किया है। लंबे समय बाद संजीव फिल्म 'प्रणाम' के जरिए बॉलिवुड में बतौर निर्देशक वापसी कर रहे हैं। इससे पहले रिलीज हुई उनकी आखिरी फिल्म 'शूद्र द राइजिंग' को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स ने भी काफी सराहा था। दमदार कहानी और ऐक्शन से भरपूर राजीव की यह फिल्म 9 अगस्त को दुनियाभर के 1400 स्क्रीन पर रिलीज की जाएगी।