प्रियंका गांधी अब तीन दिवसीय दौरे पर 16 को आएंगी UP

प्रियंका गांधी अब तीन दिवसीय दौरे पर 16 को आएंगी UP

लखनऊ  
कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के यूपी आने के कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव हो गया है। प्रियंका गांधी पहले 14 जुलाई को लखनऊ आने वाली थीं। अब 16 जुलाई को लखनऊ दौरे पर आएंगी। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस दफ्तर में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि प्रियंका तीन दिन तक यूपी में रहेंगी।


इस दौरान आजमगढ़ जाने का भी कार्यक्रम बन सकता है। इस दौरान वह प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श करेंगी। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश दौरे के समय मजबूत सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी चर्चा करेंगी। लखनऊ में उनका उन बेरोजगार नौजवानों के समूह से भी मिलने का कार्यक्रम है जो सरकारी भर्तियों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

बता दें कि प्रियंका ने पिछले दिनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्हें संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का मंत्र दिया था कांग्रेस महासचिव ने विधानसभा चुनाव में संगठन और कार्यकर्ताओं की बात को सबसे ज्यादा तरजीह देने का इरादा जाहिर करते हुए कहा था कि पार्टी से जुड़े सभी लोग जन समस्याओं को लेकर आंदोलन करें।