महानदी के तट पर 22 हाथियों का डेरा, लोगों में दहशत
महासमुंद
सिरपुर क्षेत्र के ग्राम कुकराडीह के बंजर में पिछले सप्ताह भर से डेरा जमाए हुए हाथियों का दल 17 मार्च को दिन भर ग्राम अछोला से लगे महानदी के तट पर देखा गया। हाथियों के इस दल में बच्चा हाथी सहित कुल 22 हाथी शामिल हैं, जो संभवतः नदी पार कर ग्राम चपरीद की ओर बढ़ जाएंगे या फिर पुनः अछोला होते हुए कुकराडीह बंजर में पहुंचेंगे।
हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा ने बताया कि हाथियों का दल 16 मार्च की शाम करीब सात बजे कुकराडीह बंजर से निकलकर अछोला के खार में उत्पात मचाने के बाद महानदी तट पर पहुंचा है। हाथियों का दल पूरे दिन भर नदी तट पर कब्जा जमाए रहा।
दहशत में हैं किसान
ग्राम अछोला, जोबा, कुकराडीह के किसान हाथियों के उत्पात से परेशान हैं। कुकराडीह के बंजर में पिछले सप्ताह भर से हाथियों के दल ने डेरा जमाया हुआ है। रात होते ही हाथियों का दल खेतों की ओर निकलते हैं और रबी फसलों को रौंद-खाकर किसानों को जमकर नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान दहशत में आ गए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
